दिल्ली हिंसा में भटका बालक कांधला पहुंचा
कांधला (शामली)। दिल्ली में सीएए को लेकर हुई हिंसा के बाद बस से पहुंचे बालक को पुलिस ने चाइल्ड हेल्प लाइन के कर्मचारियों के सुपुर्द कर दिया है। कर्मचारी बालक को अपने साथ शामली ले गए।
बृहस्पतिवार को थानाध्यक्ष कर्मवीर सिंह को क्षेत्र के गांव डुढार के ग्रामीणों ने सूचना दी कि दस वर्षीय बालक गांव घूम रहा है। सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और बालक को अपने साथ थाने ले आई। पुलिस पूछताछ में बालक ने बताया कि उसका नाम साहिल पुत्र इंतजार निवासी मुस्तफाबाद दिल्ली है। उसने बताया कि दिल्ली में नागरिकता संशोधन बिल को लेकर दिल्ली में हुई हिंसा के दौरान वह किसी तरह बस में बैठकर आया था इसके बाद भटक रहा है। पुलिस ने मामले की सूचना चाइल्ड हेल्प लाइन को दी। सूचना पर चाइल्ड हेल्प लाइन के कर्मचारी सतेंद्र और जगपाल थाने पहुंचे। दोनों कर्मचारी बालक को अपने साथ लेकर शामली के लिए रवाना हो गए। मामले मे थानाध्यक्ष कर्मवीर ने बताया कि उनके पास एक बालक पहुंचा था, जिसने अपने परिवार का नाम पता बताया। सूचना करने के बाद उसको चाइल्ड हेल्प लाइन भेज दिया गया है। उनके माध्यम से ही उनके परिजनों की जानकारी कर उन तक बच्चे को पहुंचाया जाएगा।