शामली सीएचसी की पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण करती राज्य स्तरीय टीम।
- कायाकल्प अवार्ड के लिए टीम ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता जांची
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामली का राज्य स्तरीय चार सदस्यीय टीम ने निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की जांच की। टीम ने बताया कि कायाकल्प अवार्ड के लिए सीएचसी का निरीक्षण किया गया है।
सीएचसी शामली में मंगलवार सुबह राज्य स्तरीय टीम पहुंची। राज्य स्तरीय टीम में सहारनपुर से डॉ. मनदीप गुप्ता, बिजनौर से डॉ. अनुज भारद्वाज, रोहित कुमार और डॉ. साकेत शामिल रहे। टीम ने सीएचसी में लेबर रूम, ओटी, पैथोलॉजी लैब, एनबीएसयू, रक्त संग्रह केंद्र और टीकाकरण कक्ष आदि का निरीक्षण करते हुए सफाई व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की जांच की।
टीम ने चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यशैली देखी और मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल जाना। टीम ने बताया कि कायाकल्प अवार्ड योजना वर्ष 2022-23 के तहत सीएचसी का निरीक्षण किया गया है। निरीक्षण की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर सीएचसी को अंक मिलेंगे। मानक पूरा करने वाली सीएचसी को शासन स्तर से कायाकल्प अवार्ड दिया जाता है। निरीक्षण कार्य पूरा करने के बाद शाम को टीम लौट गई।