आत्महत्या रोकने के लिए शुरू किया अभियान
शामली। मुस्कराएगा इंडिया के हेल्थ काउंसलर डॉ भूपेंद्र कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना की मुस्कराएगा इंडिया टीम ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता अभियान शुरू किया है। यह विशेष अभियान वर्ल्ड मेंटल हेल्थ-डे दस अक्तूबर को एक व्यापक ऑनलाइन वेबिनार तक चलेगा। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों, कार्यक्रम अधिकारियों, प्राध्यापक, समाजसेवी, जागरूक नागरिकों, अभिभावकों से आत्महत्या रोकने के लिए साथ आने की अपील की। बताया कि जो लोग आत्महत्या की ओर कदम बढ़ाने की सोचते हैं, हमें चाहिए कि हम उनकी ओर मदद का हाथ बढ़ाएं। कोरोना से प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित सभी लोगों की सहायता के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना और यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में मुस्कराएगा इंडिया अभियान उत्तर प्रदेश में चलाया जा रहा है। जिला शामली में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी/ सह जिला नोडल अधिकारी डॉ भूपेंद्र कुमार लोगों को निशुल्क परामर्श दे रहे हैं।