शामली। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि कोई नेता पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ गतिविधियों में लिप्त पाया गया, तो उसे पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।
मंगलवार को माजरा रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर हुई मासिक बैठक में जिलाध्यक्ष किरणपाल सिंह कश्यप ने बताया कि सात जनवरी को होने वाले जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में पार्टी पदाधिकारियों, प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, विधायक, सांसद, पूर्व विधायक और पूर्व सांसदों से अनुरोध किया गया है कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सपा की प्रत्याशी शैफाली चौहान के समर्थन में उपस्थित होकर तन, मन, धन से सहयोग करें। जो भी पदाधिकारी, कार्यकर्ता या कोई बड़ा नेता पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ गतिविधियों में लिप्त पाया गया, तो उसे पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा।
वहीं, जिलाध्यक्ष ने कहा कि ब्लाक प्रमुख पद का चुनाव लड़ने के इच्छुक बीडीसी सदस्य सपा कार्यालय से आवेदन पत्र लेकर उसको भरकर कार्यालय में जमा कराएं। आवेदनों को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय भेजा जाएगा। इसके बाद ही पार्टी के ब्लाक प्रमुख प्रत्याशियों की घोषणा होगी।
इस मौके पर अयूब जंग, राशिद पहलवान, विजय मलिक, डा. भूपेंद्र बालियान, हाजी रिजवान, महेश बंसल, चौधरी राफा, सेवाराम सैनी, नफीस राणा, जबर सिंह कश्यप, कुलदीप गागोर, धीरज तोमर, ठाकुर चमन सिंह, संजय राणा, अंशु शर्मा, नौशाद गुर्जर, विजयपाल आदि मौजूद रहे।