ऊन । ब्लॉक प्रमुख का चुनाव कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। चुनाव के दौरान 117 वोट डले। 65 वोट प्राप्त कर भाजपा समर्थित प्रत्याशी मेमकला ने चुनाव जीत लिया।
रविवार को ब्लॉक कार्यालय पर प्रमुख पद के लिए चुनाव हुआ। भाजपा समर्थित मेमकला व सपा समर्थित रेखा देवी के बीच चुनाव हुआ। इस दौरान 117 बीडीसी को वोट डाली। चुनाव के दौरान ब्लॉक कार्यालय पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। चुनाव के दौरान आलाधिकारियों ने भी निरीक्षण किया। सबसे पहले एडिशनल एसपी अनिल कुमार झा निरीक्षण करने पहुंचे। उनके बाद चुनाव प्रेक्षक केके चौधरी तथा बाद में डीएम ओपी वर्मा व एसपी विजय भूषण भी मतदान स्थल पर पहुंचे।
उन्होंने पुलिस कर्मियों और चुनाव में लगे कर्मियों को गंभीरता से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। दोपहर ढाई बजे तक सभी मतदाताओं ने वोट डाले। जिसके बाद मतगणना शुरू हुई। मतगणना के बाद चुनाव अधिकारी डॉ. अनिल कुमार भारती ने चुनाव परिणाम की घोषणा की। जिसमें मेमकला को 65 वोट मिली। जबकि उनके सामने चुनाव मैदान में उतरी रेखा को 51 वोट ही मिल सके। इस दौरान एक वोट निरस्त कर दी गई। चुनाव जीतने के साथ ही मेमकला पक्ष के समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया और एक दूसरे को बधाई दी। समर्थकों ने विजेता प्रत्याशी मेमकला के पति का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया।
पुलिस सुरक्षा में वोट डालने पहुंचा बीडीसी
रविवार सुबह ही बीडीसी हनीफ के पिता कामिल ने थाना झिंझाना में तहरीर दी कि उसके पुत्र का अपहरण कर लिया गया है। आननफानन में झिंझाना पुलिस ने बीडीसी हनीफ को झिंझाना क्षेत्र से अपनी सुरक्षा में लेकर मतदान स्थल तक पहुंचाया।