एमपी-एमएलए कोर्ट में कड़ी सुरक्षा के बीच सपा विधायक नाहिद की पेशी
कैराना (शामली)। 2018 के धोखाधड़ी के मुकदमे में सपा विधायक नाहिद हसन की कड़ी सुरक्षा के बीच एमपी-एमएलए कोर्ट में पेशी कराई गई। चित्रकूट जेल से पेशी पर कैराना पहुंचे विधायक नाहिद हसन को देख समर्थकों ने नारेबाजी की। इस दौरान नाहिद ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है, जल्द ही इंसाफ मिलेगा। पेशी के बाद विधायक को कड़ी सुरक्षा के बीच बंदी रक्षक गाड़ी में चित्रकूट जेल भेजा गया।
जनवरी 2018 में मोहल्ला अफगानान निवासी मोहम्मद अली ने सपा विधायक नाहिद हसन, उनकी माता पूर्व सांसद तबस्सुम हसन, महमूद, अरशद, इरफान, नौशाद व कय्यूम सहित कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ कैराना कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। 15 जनवरी 2022 को पुलिस ने नाहिद हसन को गैंगस्टर के मुकदमे में गिरफ्तार किया था। वर्तमान में नाहिद हसन चित्रकूट जेल में है। इस धोखाधड़ी के मुकदमे में कैराना स्थित एमपी-एमएलए कोर्ट में विधायक नाहिद हसन के खिलाफ आरोप पत्र बनाए गए। कोर्ट की ओर से आरोप पत्र तामील कराने के लिए विधायक को तलब किया गया था।
बृहस्पतिवार सुबह चित्रकूट जेल से बंदी रक्षक गाड़ी विधायक नाहिद हसन को कड़ी सुरक्षा के बीच कैराना स्थित एमपी-एमएलए कोर्ट में लेकर पहुंची। जहां पर स्थानीय पुलिस व पीएसी के जवानों ने विधायक की बंदी रक्षक गाड़ी को सुरक्षा घेरे में ले लिया। कचहरी में मौजूद सपा विधायक के समर्थकों की भीड़ मौजूद रही। पुलिस ने नाहिद हसन को कोर्ट में पेश किया। विधायक नाहिद हसन कोर्ट के अंदर करीब आधा घंटे रुके। जिसके बाद अधिवक्ताओं की मौजूदगी में आरोप पत्रों की फाइलों पर हस्ताक्षर करने के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच विधायक को बंदी रक्षक गाड़ी से ही चित्रकूट जेल के लिए रवाना किया गया।
- इकरा हसन भी कोर्ट परिसर में रहीं मौजूद
नाहिद की छोटी बहन इकरा हसन अपने अधिवक्ताओं के साथ कचहरी में पहुंची। जहां पर इकरा हसन भी पेशी के दौरान अपने भाई विधायक नाहिद हसन के आसपास ही मौजूद रही। बुधवार को अमानत में खयानत के मुकदमे में सुप्रीम कोर्ट में विधायक नाहिद हसन की जमानत के लिए सुनवाई हुई थी। जहां पर सुप्रीम कोर्ट ने विधायक नाहिद हसन के स्वास्थ्य व अन्य कारणों का हवाला देते हुए ट्रायल कोर्ट को इस मुकदमे में जमानत देने के आदेश दिए थे।
कचहरी पहुंचे समर्थक
15 जनवरी से विधायक नाहिद हसन जेल में बंद हैं। अचानक उनकी कैराना स्थित कोर्ट में पेशी की सूचना सोशल मीडिया पर वायरल हुई। जिसके बाद उनके समर्थकों ने नाहिद हसन के कैराना न आने के मैसेज वायरल किए, ताकि विधायक के आने के दौरान अधिक भीड़ न बढे़। लेकिन सुबह सात बजे से ही कचहरी में उनके समर्थकों का जुटना शुरू हो गया था। विधायक नाहिद हसन के कचहरी में पहुंचते ही नाहिद हसन जिंदाबाद के नारे लगाए गए।
- बंदी रक्षक गाड़ी में भावुक हुए नाहिद हसन
2022 विधानसभा के चुनाव में नाहिद हसन ने जेल में रहते हुए जीत हासिल की। नाहिद हसन करीब नौ माह से अधिक समय से जेल में बंद है। नौ महीने बाद अचानक उनकी एमपी एमएलए कोर्ट में पेशी हुई और वे अपनी जन्म व कर्म भूमि कैराना पहुंचे। नाहिद हसन कचहरी में पहुंचे तो अपने समर्थकों का जोश देखकर भावुक हो गए। इस दौरान समर्थकों ने नाहिद हसन संघर्ष करो हम तुम्हारे साथ हैं जैसे नारे लगाए।
- पुलिस व पीएसी के जवान रहे मुस्तैद
नाहिद हसन कैराना कोर्ट में सुबह साढे़ 11 बजे पहुंचे। इसके लिए सुबह 10 बजे से ही कोर्ट परिसर में पुलिस व पीएसी के जवान तैनात कर दिए गए थे। इस दौरान कोर्ट परिसर छावनी में तब्दील रहा।
कैराना कोर्ट में नाहिद हसन की पेशी के दौरान मौके पर जमा उनके समर्थक- फोटो : SHAMLI
कैराना कोर्ट के बाहर तैनात पुलिसकर्मी।- फोटो : SHAMLI