कैराना। एक दिन पहले खादर क्षेत्र में यमुना नदी में किए जा रहे अवैध रेत खनन में संलिप्त पुलिस कर्मियों की एसपी द्वारा जांच बैठा दी गई। जांच के बाद थाने के कुछ कर्मियों पर विभागीय कार्यवाही की जा सकती है। इसके अलावा खनन स्थल से बरामद जेसीबी मशीन व डंपर के मालिक की पहचान के बाद जमीन मालिक व खनन माफिया के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार की देर रात करीब एक बजे तहसील क्षेत्र के गांव मंडावर व बसेड़ा के बीच यमुना नदी में अवैध खनन की सूचना पर एसडीएम स्वप्निल यादव व पुलिस क्षेत्राधिकार अमरदीप मौर्य ने छापा मारा था। लेकिन इससे पहले ही थाने के कुछ पुलिसकर्मियों ने छापेमारी की सूचना खनन माफियाओं तक पहुंचा दी। जिसके बाद खनन माफिया खनन स्थल से जेसीबी मशीनें व रेत के सभी वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। मौके पर पहुंचे एसडीम व सीओ ने खनन स्थल के पास ही एक जेसीबी मशीन व एक डंपर को पकड़ लिया था।
छापे की सूचना लीक किए जाने की जांच पड़ताल की गई तो अवैध खनन कराने में कैराना थाने के कुछ पुलिसकर्मियों की संलिप्तता पाई गई। जिसके बाद एसपी अभिषेक ने जांच सीओ सिटी श्यामवीर सिंह को सौंप दी। सीओ सिटी ने बताया कि उनके द्वारा अवैध खनन में संलिप्त पुलिस कर्मियों की जांच की जा रही है।
सीओ अमरदीप मौर्य ने बताया कि मौके से पकड़ी गई जेसीबी मशीन, डंपर व जिस जमीन पर अवैध खनन किया जा रहा था, उस जमीन मालिक की पटवारी से रिपोर्ट ली जाएगी। सभी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। खनन माफिया को चिन्हित कर उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
- गंदराऊ से खींचकर लाई गई जेसीबी मशीन
मंगलवार की रात मंडावर व बसेड़ा के बीच अवैध खनन स्थल के पास से पकड़ी गई जेसीबी मशीन पुलिस ने एक ग्रामीण की सुपुर्दगी में दे दी थी। इसके बाद मशीन को गांव गंदराऊ में लाकर खड़ा कर दिया गया था। बृहस्पतिवार को पुलिस की दो गाड़ियां व हल्का दरोगा उक्त जेसीबी मशीन को गांव गंदराऊ से खींच कर कोतवाली ले आए। जेसीबी मशीन के नंबरों व चेसिस नंबरों के द्वारा उसके मालिक का पता करने का प्रयास किया जा रहा है।