संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जिला संयुक्त चिकित्सालय में करीब डेढ़ साल पहले से तैयार सिक न्यू बोर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) शुरू होने की उम्मीद जागी है। जिला अस्पताल को तीन स्टाफ नर्स मिली है, जिनमें दो ने ज्वाइन कर लिया है। चिकित्सक व अन्य स्टाफ भी जल्द मिलने की उम्मीद है। स्वास्थ्य विभाग ने जुलाई माह में एसएनसीयू चालू कराने की तैयारी में जुटा है।
जिला अस्पताल में करीब डेढ़ साल पहले नवजात बच्चों के उपचार के लिए सिक न्यू बोर्न केयर यूनिट तैयार की गई थी। 14 बच्चों के एक साथ उपचार की सुविधा वाली तैयार एसएनसीयू में बच्चों को उचित तापमान पर रखने के लिए 14 रेडियंट वार्मर और पीलिया से पीड़ित बच्चों के उपचार के लिए फोटो थैरेपी की छह मशीनें लगाई गई हैं। इसके साथ ही 14 बेड का मदर केयर वार्ड भी तैयार किया गया है। बाल रोग चिकित्सक, स्टाफ नर्स व अन्य स्टाफ न मिलने के कारण एसएनसीयू चालू नहीं हो पाई है। जिला अस्पताल में अब जिला स्तर से तीन स्टाफ नर्स की नियुक्ति की गई है, जिनमें दो ने ज्वाइन कर लिया है। इसके अलावा संविदा बाल रोग चिकित्सक की नियुक्ति हो चुकी है। शासन से भी अन्य स्टाफ भी जल्द मिलने की उम्मीद है। इसके चलते जिला स्वास्थ्य विभाग जुलाई माह में एसएनसीयू शुरू करने की तैयारी कर रहा है। जिले में एसएनसीयू चालू होने से नवजात बच्चों को दूसरे जिलों में नहीं ले जाना पड़ेगा।
एसएनसीयू के स्वीकृत स्टाफ
चिकित्सक - 03
स्टाफ नर्स - 12
सिक्योरिटी गार्ड - 03
वार्ड आया -03
कोट::
जिला अस्तपाल में एसएनसीयू तैयार है। तीन स्टाफ नर्स मिली हैं, जिनमें दो ने ज्वाइन कर लिया। संविदा पर बाल रोग चिकित्सक की नियुक्ति हो चुकी है। एसएनसीयू के स्टाफ के लिए शासन को भी पत्राचार किया गया है। एसएनसीयू को चालू करने की तैयारी चल रही है।
- डॉ. सफल कुमार, सीएमएस।
-----
संजीव शर्मा