शहर के हनुमान धाम पर रामलीला मंचन के दौरान राम दल और रावण की सेना के बीच युद्ध हुआ। भगवान श्रीराम ने रावण की नाभी में तीर मारा, जिसके बाद बुराई के प्रतीक रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले धू धू कर जल उठे। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही, जिसके चलते पुलिस भी अलर्ट रही।
हनुमान धाम पर चल रहे रामलीला महोत्सव के दौरान बृहस्पतिवार को विजयादशमी मनाई गई। मुख्य अतिथि गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा तथा भाजपा नेता मृगांका सिंह ने हनुमान मंदिर में पहुंचकर पूजन किया। इसके बाद रामलीला के मंच पर पहुंचकर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान सहित अन्य कलाकारों का तिलक किया गया। इस दौरान गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि रामलीला के प्रत्येक पात्र से सीखने को मिलता है। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम ने अपने जीवन में जो आदर्श स्थापित किए, वह हर व्यक्ति के जीवन को प्रभावित करते हैं। उन्होंने कहा कि भरत जैसा भाई पूजनीय है, जो भगवान श्रीराम की खंडाऊ रखकर ही राज चलाता है। उन्होंने कहा कि बुराई कितनी भी बड़ी क्यों न हो, लेकिन उसकी पराजय होती है। रामलीला हमें यही सिखाती है कि बुराई का कभी साथ नहीं देना चाहिए। इसके बाद श्रीराम की सेना और रावण की सेना के बीच युद्ध होता है। काफी देर तक युद्ध चलता है, जिससे रामलीला मैदान में दर्शक रोमांचित हो उठे। वहीं, विभीषण ने श्रीराम को बताया कि रावण की नाभि में अमृत है,
इसलिए जब तक उसकी नाभि में तीर नहीं लगेगा, तब तक उसकी मृत्यु संभव नहीं है। इस पर भगवान श्रीराम ने रावण की नाभि में तीर मारा, तो वह ढेर हो गया। इसके बाद हनुमान धाम के तालाब परिसर में लगाए गए बुुराई के प्रतीक रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान हनुमान मंदिर समिति के प्रधान सलिल द्विवेदी, दिनेश पाठक, उपेंद्र कुमार द्विवेदी, अजय संगल, राजकुमार मित्तल, जोगेंद्र पाल सेठी, अनुराग शर्मा, पुनीत द्विवेदी, अजय पाठक, अशोक कुमार गर्ग, मनोज मित्तल, राजेश कुमार, बिजेंद्र कुमार, गुरदीप, नरेश कुमार, सतेंद्र कुमार सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
अवशेष लेने के लिए मची आपाधापी
बुराई के प्रतीक रावण का पुतला दहन होने के बाद अवशेष लेने को श्रद्धालुओं में आपाधापी मच गई। मान्यता है कि पुतले का अवशेष घर में ले जाना शुभ माना जाता है, क्योंकि रावण एक विद्वान पंडित था।
पुलिस ने बरती चौकसी
हनुमान धाम पर विजयादशमी पर्व के दौरान भारी भीड़ रही। पुलिस ने सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए थे। इसी के चलते सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार सिंह पुलिस और पीएसी के जवानों के साथ मौके पर तैनात रहे।
छेड़छाड़ करने पर पकड़े कई युवक
शामली में हनुमान धाम पर विजयादशी पर्व के दौरान मनचले भी सक्रिय रहे। मेले का आयोजन किया गया था, जिसमें महिलाएं और बच्चे खरीदारी करने पहुंचे थे। वहीं, मनचलों ने युवतियों से छेड़छाड़ कर दी। इस पर पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को पकड़ लिया, जिसके बाद उन्हें कोतवाली ले गई।