कोरोना कर्फ्यू में चोरी छिपे खुल रहीं दुकानें
शामली/कैराना। कोरोना कर्फ्यू में कुछ दुकानदार रेडीमेड और अन्य दुकानें चोरी छिपे खोलकर ग्राहकों को सामान बेच रहे हैं। पुलिस ने कई दुकानों के शटर खुलवाकर ग्राहकों को बाहर निकाला। इसके चलते बाजारों में भीड़ उमड़ रही है, जिससे कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ रहा है।
जनपद में कोरोना की चेन तोड़ने के लिए शासन के निर्देश पर 17 मई की सुबह सात बजे तक कोरोना कर्फ्यू घोषित किया गया है। इस दौरान आवश्यक व दैनिक उपयोग में आने वाली दुकानें सुबह सात बजे से 12 बजे तक खोलने की छूट दी गई है। इसकी आड़ में व्यापारी व दुकानदार प्रतिबंधित दुकानों को भी खोलकर अंदर ग्राहकों को घुसाकर सामान बेच रहे हैं। इसके चलते बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ती है, जिससे कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। उधर, पुलिस ने सड़कों पर बेवजह निकले वाहनों के चालान किए।
कैराना में कुछ दुकानदार रेडीमेड दुकानों पर ग्राहकों को दुकान के अंदर बंद करके बाहर से शटर गिरा देते हैं। दुकान के अंदर सेल्समैन उन्हें कपड़े बेचने के बाद बाहर निकाल देते हैं। सोमवार को किला गेट पुलिस चौकी इंचार्ज एसआई ने टीम के साथ बाजार जोड़ियां कुआं व गुंबद में छह से अधिक रेडीमेड की दुकानों के शटर खुलवाएं तो उनके अंदर ग्राहक मिले। पुलिस ने ग्राहकों को कड़ी हिदायत दी तथा दुकानदारों के चालान किए।
कर्फ्यू के नियमों का उल्लंघन करने पर 50 चालान
कैराना। दोपहर 12 बजे के बाद कोरोना कर्फ्यू में बिना कारण घर से बाहर निकलने पर पुलिस ने करीब 50 लोगों के चालान किए। सोमवार को पुलिस ने चौक बाजार, कांधला तिराहा, शामली बस स्टैंड आदि स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाकर चालान किए।