शामली। श्री हनुमान धाम पर 46वें श्रीराम लीला रंगमंच पर धनुष यज्ञ की लीला के मंचन के बाद शहर में भव्य राम बारात निकाली गई। श्रीराम बारात का दुकानदारों द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
मंगलवार रात हनुमान धाम के श्रीराम लीला रंगमंच में राजा जनक ने सीता स्वयंवर के लिए दरबार लगाया। जनक प्रतिज्ञा सुनाते हैं कि जो शिव धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाकर उसे तोड़ेगा, उसी के साथ सीता का विवाह किया जाएगा। कोई भी राजा शिव धनुष को नहीं उठा पाता।
राजा जनक दुखी होकर कहते हैं कि अब पृथ्वी वीरों से खाली है। यह सुनकर गुरु विश्वामित्र की आज्ञा लेकर श्रीराम शिव के धनुष को उठाकर प्रत्यंचा चढ़ाते हैं और उसे तोड़ देते हैं। इसके बाद सीता ने श्रीराम के गले में वरमाला डाल दी। शिव धनुष के भंजन के बाद परशुराम मिथिलानगरी पहुंचते हैं। वहां लक्ष्मण और परशुराम के बीच संवाद होते हैं। गुरु विश्वामित्र के हस्तक्षेप के बाद श्रीराम परशुराम को समझाते हैं।
भगवान श्रीराम को वह अपना धनुष देकर प्रत्यंचा चढ़ाने को देते हैं। श्रीराम परशुराम के धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाकर उनका संदेह दूर करते हैं। इसके बाद श्रीराम की बारात हनुमान धाम से शुरू होकर शिवगंज मंडी, कमला कॉलोनी, बुढ़ाना रोड, फव्वारा चौक, वीवी इंटर कॉलेज रोड, सुभाष चौक, बड़ा बाजार, अजुध्या चौक, गुजरातियान, गोशाला रोड, धीमानपुरा, हनुमान रोड, अग्रसेन पार्क होते हुए हनुमान धाम पर समाप्त हुई।
श्रीराम का तिलक चेयरमैन अरविंद संगल ने किया। पंडित अजय पाठक के नेतृत्व में अखाडे़ का प्रदर्शन किया। इस मौके पर निकुंज मित्तल, श्रीपाल गोयल, सलील द्विवेदी, राजकुमार मित्तल, कोषाध्यक्ष जोगेंद्र पाल सेठी, दिनेश पाठक, सुशील संगल, सोहनलाल आदि रहे।
धूमधाम से निकाली राम बारात
कांधला। श्री रामलीला कमेटी मंडप पंचवटी के तत्वावधान में आयोजित रामलीला में भगवान श्रीराम के विवाह के लिए उनकी बारात जनकपुरी पहुंची। भगवान श्री राम की बारात का शुभारंभ दिनेश चंद गुप्ता ने पूजा अर्चना कर किया। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की भव्य बारात बैंडबाजों से सुसज्जित होकर श्री रामलीला मंडप भवन से प्रारंभ होकर नगर के मुख्य मार्गों से प्रारंभ होकर मोहल्ला रायजादगान, मौलानान, कानून गोयान, मैन बाजार, जैन स्थानक, जैन मंदिर, रेलवे रोड से होते रामलीला मंडप पंचवटी भवन पर जाकर संपन्न हुई।
श्रीराम-सीता विवाह का प्रसारण हुआ
झिंझाना। कसबे के होली कल्लर चौक पर प्रोजैक्टर पर दिखाई जा रही रामानंद सागर कृत रामायण में मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता श्रीपाल आर्य जिला पंचायत प्रत्याशी सरदार गुरदित्ता सिंह और व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष आशीष मित्तल ने श्रीराम की आरती की। मंगलवार की रात में श्री दुर्गा मेला और रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित रामलीला में श्रीराम विवाह की सुंदर लीला का प्रसारण किया। इसका श्रद्धालुओं ने श्रद्धा के साथ आनंद लिया।
कैकेयी ने भरत के लिए मांगी राजगद्दी
कैराना। श्रीराम लीला कमेटी के तत्वावधान में गौशाला भवन में चल रही रामलीला के दौरान अयोध्या में भगवान राम के राजतिलक की तैयारी चल रही है। दासी मंथरा कैकेयी के महल में जाती है और कहती है कि अगर राम राजा बने तो तुम्हारे पुत्र भरत को कुछ नहीं मिलेगा। रानी कैकेयी पहले तो इंकार कर देती है, लेकिन बाद में राजा दशरथ से पूर्व में अंत में परेशान होकर राजा दशरथ मंत्री सुमंत को सेना लेकर राम के साथ जाने को कहते हैं। राम-सीता व लक्ष्मण वन को प्रस्थान करते हैं।
जलालाबाद मेंगांधी चौक मैदान में हो रही रामलीला में श्री रामविवाह महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र कुमार मिश्रा रहे। रामचरित मानस वाचक अवनीश आहूजा ने भगवान राम के विवाह पर बधाई गीत गाए तथा नन्हे-मुन्हे बच्चों ने विभिन्न रूपों में अभिनय का प्रदर्शन किया।