शामली शुगर मिल में किसानो के धरने पर बोलते एडीएम संतोष कुमार सिंह
: नए सत्र का भुगतान 14 दिन में देने, पिछला बकाया भुगतान सत्र समाप्त होने से पहले देने पर बनी सहमति
- दस दिन में चीनी मिल चलने के आसार बने
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। बकाया गन्ना भुगतान की मांग को लेकर किसानों का चल रहा धरना 95वें दिन मिल और प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता के बाद बृहस्पतिवार को खत्म हो गया। मिल और प्रशासनिक अधिकारियों ने नए सत्र में भुगतान 14 दिन के अंदर देने, पिछला बकाया भुगतान सत्र समाप्त होने से पहले देने की बात कही। जिस पर किसान धरना खत्म करने को तैयार हो गए।
शामली चीनी मिल के बायलर हाऊस में चल रहे धरने में बृहस्पतिवार की शाम के समय एडीएम संतोष कुमार सिंह पहुंचे। एडीएम, मिल के अधिकारियों ने किसानों से वार्ता की। किसान संपूर्ण बकाया भुगतान की मांग पर अड़े हुए थे। बाद में किसानों ने मिल और उसके कर्मचारियों के हितों को देखते हुए धरना समाप्त करने का निर्णय लिया। एडीएम की घोषणा के बाद धरना संयोजक संजीव शास्त्री ने शामली चीनी मिल के बायलर हाऊस में चल रहा बेमियादी धरना समाप्त करने की घोषणा की। शामली चीनी मिल के अधिकारियों के मुताबिक, अगले दस दिन में अपर दोआब चीनी मिल अपना पेराई सत्र शुरू कर देगी।
- यह हुआ समझौता
एडीएम संतोष कुमार सिंह ने बताया कि नए सत्र का भुगतान नियमानुसार चीनी एवं सह उत्पादों की बिक्री से 14 दिन में कराया जाएगा। गत पेराई सत्र का भुगतान पेराई सत्र के दौरान कराया जाएगा। भुगतान चीनी मिल प्रबंधन स्वयं के साधनों अथवा चीनी मिल बेचकर कराया जाएगा। चीनी मिल को नए सत्र में अर्जित लाभ से खर्च तथा वर्तमान सत्र बकाया भुगतान निकालकर प्रतिमाह अवशेष धनराशि से गत पेराई सत्र का बकाया भुगतान कराया जाएगा। समझौते पत्र के मुताबिक, निगरानी के लिए एसडीएम सदर की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया जाएगा जो प्रति माह समीक्षा करेगी।