साइबर ठगों ने स्कॉटिश इंटरनेशनल स्कूल शामली की प्रधानाचार्या आशु त्यागी का मोबाइल फोन हैक कर लिया। व्हाटसएप ग्रुप पर 40 हजार रुपये ऑनलाइन देने का मैसेज भेज दिया। व्हाटसएप ग्रुपों में 150 से ज्यादा शिक्षक-शिक्षिकाएं और स्टाफ के अलावा 500 लोगों तक यह मैसेज पहुंचने से हलचल मच गई। उधर, प्रधानाचार्या की तरफ से लोगों को मैसेज भेजकर मोबाइल फोन हैक होने और रुपये न देने के लिए कहा गया है।
प्रधानाचार्या आशु त्यागी के मोबाइल फोन को साइबर ठगों ने बृहस्पतिवार शाम छह बजे हैक कर लिया। इसकी जानकारी उस समय हुई जब शातिर ठग ने उनके मोबाइल से व्हाटसएप ग्रुपों में जुड़े स्कूल के स्टाफ, परिचित और रिश्तेदारों के पास मैसेज पहुंचने शुरू हो गए।
मैसेज में लिखा गया कि 40 हजार रुपये ऑनलाइन में होंगे क्या, किसी को ट्रांसफर करने हैं। आठ बजे तक रिटर्न कर देंगे। मेरा यूपीआई वर्क नहीं कर रहा है। क्यूआर भेजूं। यह मैसेज देखकर परिचितों और शिक्षकों ने प्रधानाचार्या व उनके पति प्रदीप त्यागी से फोन पर संपर्क किया। इसके बाद प्रधानाचार्या ने मोबाइल फोन हैक होने की जानकारी साइबर सेल को दी है।
प्रधानाचार्या के स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं समेत 150 से ज्यादा का स्टाफ व्हाटसएप ग्रुप में जुड़ा है। इनके अलावा कक्षाओं के भी ग्रुप बने हुए हैं। इस तरह से कुछ ही देर में 500 से ज्यादा लोगों तक यह मैसेज पहुंचने से हलचल मच गई। व्हाटसएप ग्रुप में जुड़े अगर किसी शिक्षक ने प्रधानाचार्या का मोबाइल हैक होने पर रुपये न भेजने का मैसेज लिखा तो शातिर ठग ने मैसेज को डिलीट करने के साथ ही शिक्षक को ग्रुप से रिव्यू कर दिया। इसके बाद शिक्षकों ने व्हाटसएप ग्रुप छोड़ दिया है।