शामली। त्योहारी सीजन में मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ ही मिलावटी मावे की आशंका भी बढ़ गई है। खाद्य अधिकारी के अनुसार बाजार में मावा खरीदते समय उसकी रंगत, बनावट और गंध पर ध्यान देना जरूरी है। रगड़ने पर मावे से दूध की खुशबू नहीं आ रही है तो मिलावट हो सकती है। हालांकि, केवल रगड़कर या सूंघकर मावे में मिलावट की पुष्टि नहीं की जा सकती। इसके लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच और प्रयोगशाला परीक्षण जरूरी है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त पंकज कुमार के अनुसार मावे या मिठाई में मिलावट की आशंका होने पर उपभोक्ता विभाग को शिकायत कर सकते हैं। शिकायत मिलने पर संबंधित खाद्य पदार्थ का नमूना लेकर जांच कराई जाएगी। जांच में नमूना मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उपभोक्ता इन बातों का रखें ध्यान
मावा और मिठाई साफ-सुथरी व विश्वसनीय दुकान से खरीदें।
असामान्य रंग, गंध या बनावट वाले मावे से बचें।
पैक मिठाई खरीदने पर निर्माण और उपयोग की अंतिम तिथि देखें।
खरीदारी की रसीद जरूर लें, ताकि शिकायत के समय उसका इस्तेमाल किया जा सके।
मिलावट की आशंका होने पर खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दें।