थाना भवन में मोहल्ला रेती निवासी मोहित का फाइल फोटो
थानाभवन। कस्बे में सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली ट्रेन की चपेट में आकर दर्जी की मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए आंबेडकर मार्केट में दो घंटे तक धरना दिया। जल्द से जल्द मामले के खुलासे की मांग की। बाद में पुलिस के आश्वासन पर धरना समाप्त किया गया।
नगर के मोहल्ला रेती निवासी अनुसूचित जाति के गंगाराम का 25 वर्षीय पुत्र मोहित शामली में कपड़े सिलाई करता है। सोमवार सुबह लगभग सात बजे वह अपने घर से काम के लिए गया था। सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली जनता एक्सप्रेस रेल के थानाभवन रेलवे स्टेशन पर चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा बिना शिनाख्त कराए ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौके पर पहुंचे गुस्साएं लोगों ने हत्या और बिना परिजनों को दिखाए शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उन्होंने आंबेडकर मार्केट पर धरना देना शुरू कर दिया। आरोप था कि युवक की हत्या की गई है। मृतक मोहित के पिता गंगाराम व भाइयो का आरोप था कि मोहित की हत्या की गई है। उसके फोन पर प्रातः लगभग 6 बजे किसी का फोन आया था, उसके पश्चात ही वह घर से चला आया था। ये हादसा नहीं है। साजिश के तहत मोहित को मारा गया है। सूचना पर पूर्व चेयरमैन संजय शर्मा, सभासद अनिल कुमार, कार्य वाहक थानाध्यक्ष नेत्रपाल सिंह आदि धरना स्थल पर पहुंचे तथा लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा कार्रवाई के आश्वासन पर ही दो घंटे बाद लोगों ने धरना खत्म किया। कार्यवाहक थानाध्यक्ष नेत्रपाल सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
थाना भवन में मोहल्ला रेती निवासी मोहित का फाइल फोटो
थाना भवन में मोहल्ला रेती निवासी मोहित का फाइल फोटो