अंकुश की फाइल फोटो और पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामा करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के कस्बा बनत में भैयादूज पर बहन के घर आए छात्र अंकुश की पीटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर हंगामा किया और हाईवे जाम कर दिया। परिजनों ने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। पुलिस के आश्वासन पर परिजन शांत हुए। उधर, पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
मुजफ्फरनगर के थाना नई मंडी क्षेत्र के मोहल्ला कमलनगर कूकड़ा मंडी निवासी अंकुश (22) बुधवार दोपहर कस्बा बनत में अपनी बहन मनीषा के घर तिलक कराने आया था। शाम को अंकुश अपनी बहन के घर के बाहर घायल अवस्था में मिला। अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसकी मौत हो गई थी। रात में परिजन शामली पहुंचे और मनीषा की ससुराल वालों पर अंकुश की पीटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया था।
बृहस्पतिवार सुबह परिजन पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे और हंगामा करते हुए पानीपत खटीमा हाईवे जाम कर दिया। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। पुलिस के समझाने पर परिजन शांत हुए।
एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि अंकुश के पिता मदनपाल की तहरीर पर अंकुश की बहन के पति, देवर, सास-ससुर समेत छह लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।