अतिरिक्त दहेज के रूप में पांच लाख की मांग पूरी न होने पर आरोपी पति ने सऊदी अरब से अपनी पत्नी को फोन पर तीन तलाक दे दिया।। पीड़ित महिला ने मुस्लिम महिला विवाह अधिकार अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में पति, ससुर, सास सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
थानाभवन नगर के मोहल्ला रेती निवासी शमशाद की पुत्री फरीन ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि उसका निकाह 18 नवम्बर 2021 को परवेज पुत्र इकबाल निवासी जलालाबाद के साथ हुआ था। पति पत्नी ठीक प्रकार से रह रहे थे। आरोप है कि निकाह के कुछ समय बाद ही ससुराल वालों ने महिला के साथ मारपीट और उत्पीड़न करना शुरू कर दिया।
कुछ समय बाद पति परवेज सऊदी अरब चला गया। वहां पर चालक की नौकरी करने लगा। आरोप है कि पति के जाने के बाद ससुर इकबाल, सास बानो, ननद सबिया ने विवाहिता के साथ मारपीट शुरू कर दी। गत 14 मई को पांच लाख रुपए की मांग करते हुए ससुरालियों ने फरीन के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया।
आरोप है कि इस बीच आरोपी पति ने सऊदी अरब से फोन कर उसे तीन बार तलाक तलाक कहकर रिश्ता तोड़ लिया। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर आरोपी पति, सास, ससुर व ननद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एएसपी संतोष कुमार का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।