उत्तर प्रदेश के शामली में सोशल मीडिया पर लाइसेंसी और तमंचे से हर्ष फायरिंग करने का वीडियो वायरल हो रहा है। पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है। वीडियो में तीन लोग फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
विज्ञापन
सोमवार को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो किसी शादी के मौके का है, जिसमें तीन युवक हर्ष फायरिंग कर रहे हैं, जिसमें दो युवक लाइसेंसी रिवाल्वर व एक युवक तमंचे से फायरिंग करता दिख रहा है।
यह वीडियो पुलिस के पास पहुंचा तो इसे गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक वायरल वीडियो शामली के एक मोहल्ले का बताया गया है, जो कई दिन पुराना है।
विज्ञापन
एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पर संज्ञान लिया गया है। कोतवाली पुलिस को आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
विदित हो कि रविवार को भी सोशल मीडिया पर युवक का अवैध हथियारों के साथ वीडियो वायरल हुआ था। पुलिस का कहना है कि युवक की पहचान कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।