एमएसके रोड पर मैकेनिक मनोज कुमार की दुकान से 1.14 लाख रुपये चोरी हो गए थे। पुलिस ने जांच की तो डॉक्टर अनुज कुमार समेत दो आरोपी पकड़े गए। उनके पास से नगदी और चोरी की दो बाइकें बरामद हुईं।
आदर्श मंडी थाना पुलिस ने बाइक मैकेनिक की दुकान से 1.14 लाख रुपये से भरा बैग चोरी करने के आरोप में निजी पशु चिकित्सक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के 1.11 लाख रुपये और चोरी की दो बाइकें बरामद की हैं। पुलिस का कहना है कि निजी पशु चिकित्सक पर गर्लफ्रेंड का शौक पूरा करने के लिए कर्ज हो गया था। कर्ज उतारने के लिए उसने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की थी।
विज्ञापन
आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में एमएसके रोड पर मनोज कुमार निवासी गांव धनैना की बाइक की मरम्मत करने की दुकान है। बुधवार को उसकी दुकान से एक लाख 14 हजार रुपये से भरा बैग चोरी हो गया था। बाइक मैकेनिक ने पुलिस को नकदी से भरा बैग चोरी होने की सूचना दी थी। पुलिस ने अज्ञात दो लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
एएसपी सुमित शुक्ला ने बृहस्पतिवार को बताया कि आदर्श मंडी थाना पुलिस ने गांव गोहरपुर निवासी दो आरोपियों अनुज कुमार उर्फ पांडे व सन्नी उर्फ अरुण कुमार को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से बाइक मैकेनिक की दुकान से चोरी किए गए एक लाख 11 हजार रुपये और चोरी की दो बाइक बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तीन हजार रुपये खाने पीने में खर्च हो गए।
एएसपी के मुताबिक, आरोपी अनुज कुमार निजी पशु चिकित्सक का कार्य करता है और अविवाहित है। उसने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड है, जिसके शौक पूरे करने और ऑनलाइन गेम खेलने में करीब आठ लाख रुपये कर्ज हो गया था।
कर्ज उतारने के लिए उसने अपने साथी सन्नी के साथ मिलकर बाइक चोरी की थी। सन्नी पहले ईंट भट्ठे पर काम करता था और अब माली का काम कर रहा था। उनसे बरामद बाइकों में एक बाइक रेलवे स्टेशन के निकट से और दूसरी सहारनपुर रोड स्थित एकेडमी के बाहर से चोरी की थी। इसके अलावा बाइक मैकेनिक की दुकान से उन्होंने रुपयों से भरा बैग चोरी किया था।
सीसीटीवी फुटेज की मदद से पकड़े आरोपी
बाइक मैकेनिक मनोज ने पुलिस को बताया था कि उसके पिता दुकान पर उसे एक लाख रुपये देकर गए थे और 14 हजार रुपये उसकी दुकान के थे। उन्होंने एक दुकान से सरिया खरीदा था। उस दुकानदार को ये रुपये देने थे। दोनों आरोपी उसकी दुकान पर बाइक की मरम्मत कराने आए थे।
उनके सामने ही उसने रुपये गिनकर बैग में रखे थे। इसी बीच एक आरोपी ने मौका पाकर बैग चोरी कर लिया और दूसरा आरोपी बाइक स्टार्ट खड़ा किए खड़ा रहा। दोनों आरोपी बाइक से कुड़ाना मार्ग की तरफ भाग गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की।