जलालाबाद कस्बे की पंजाब नेशनल बैंक शाखा में खाताधारकों से नकदी लेकर बैंक में जमा न करने के मामले में पुलिस ने मुजफ्फरनगर निवासी अंकुर सैनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि उसने लोगों से रुपये लेकर फर्जी जमा पर्चियां दीं और पासबुक में गलत प्रविष्टियां कर उन्हें गुमराह किया।
शाखा प्रबंधक मानवेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने छह मई 2026 को शाखा का कार्यभार संभाला था। इसी दौरान जानकारी मिली कि अंकुर सैनी बैंक में जेनरेटर संचालन का कार्य करता था और अक्सर बैंक परिसर में बैठता था। बैंक नियमों के तहत बाहरी व्यक्ति को बैंक के अंदर बैठने की अनुमति नहीं होने के कारण उसे ऐसा करने से मना कर दिया गया था।
मामले का खुलासा 10 जून को तब हुआ, जब कई खाताधारक बैंक पहुंचे और उन्होंने जमा की गई रकम खातों में न पहुंचने की शिकायत की। जांच में पता चला कि आरोपी ने ग्राहकों से नकदी लेने के बाद उसे बैंक में जमा नहीं कराया। उसने फर्जी जमा पर्चियां देकर और पासबुक में गलत प्रविष्टियां कर खाताधारकों को भ्रमित किया तथा बाद में भाग गया।
घटना सामने आने के बाद बैंक को कई शिकायतें प्राप्त हुई हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
कर्मचारियों की भूमिका पर भी उठे सवाल
लोगों का कहना है कि अंकुर सैनी लंबे समय से बैंक से जुड़ा हुआ था और खाताधारकों का उस पर भरोसा था। क्षेत्र में चर्चा है कि वह वर्षों से बैंक मित्र के रूप में भी काम करता रहा और उसके पास ई-पोस मशीन तथा कंप्यूटर सिस्टम जैसी सुविधाएं थीं। ऐसे में खाताधारकों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच से ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामले में कोई और व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
ये भी देखें...
Shamli: कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर अलर्ट, कोचिंग सेंटरों से जुटाया जा रहा छात्रों का ब्योरा, सोशल साइट पर नजर