आग से जला किचन और अस्पताल में भर्ती झुलसे युवक।
- फोटो : अमर उजाला
कैराना कस्बे के मोहल्ला आलदरम्यान में रसोई में खाना बनाते समय गैस सिलिंडर लीक होने के आग लग गई। आग बुझाने के दौरान पड़ोस के तीन युवक गंभीर रूप से झुलस गए। एक को सीएचसी और दो घायलों को निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। आग से घरेलू सामान भी जलकर राख हो गया।
बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे मोहल्ला आलदरम्यान निवासी कासिम की पुत्रवधू गैस चूल्हे पर खाना बना रही थी। बेटा जुनैद घर पर नहीं था। इस दौरान गैस सिलिंडर लीकेज होने के कारण आग लग गई। आग की लपटें पास में घर में रखे सामान तक पहुंच गई, जिस पर पुत्रवधू ने शोर मचा दिया। आस—पड़ोस के लोग तुरंत दौड़े, जिन्होंने गैस सिलिंडर पर मिट्टी, रेत और पानी डालकर काबू पाने का प्रयास किया।
आग बुझाने के दौरान पड़ोस के अबरार, शाबान व शान इलाही गंभीर रूप से झुलस गए। बाद में किसी तरह आग पर काबू पा लिया गया। कासिम ने बताया कि आग से फ्रिज, पंखा और अन्य सामान भी जलकर नष्ट हो गया। गनीमत यह रही कि गैस सिलिंडर फटा नहीं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
वहीं, घायल शान इलाही को सीएचसी तथा अबरार व शाबान को उपचार के लिए निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जांच अधिकारी उप निरीक्षक राजकुमार ने बताया कि गैस लीकेज के कारण आग लग गई थी। आग को बुझा दिया गया है।