शामली वीवी डिग्री कॉलेज में महोत्सव की तैयारी करते कर्मचारी । संवाद
शामली। शुक्रवार से शुरू होने वाले चार दिवसीय शामली महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। महोत्सव में भीड़ जुटाने के लिए प्रशासन द्वारा पूरा प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन शुक्रवार को सायं पांच बजे होगा। डीएम ने पहली बार हो रहे महोत्सव पर पूरे जनपद को दिव्य और भव्य बनाने के निर्देश दिए हैं।
वीवी पीजी कॉलेज में होने वाले शामली महोत्सव के चलते जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में शामली महोत्सव-2025 की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने शामली महोत्सव को भव्य बनाने के लिए बैठक कर व्यापार बंधु, उद्योग बंधु एवं मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ वार्ता करते हुए उनके सुझाव लिए गए। सभी पदाधिकारियों ने सर्वप्रथम जिला प्रशासन को जनपद शामली में पहली बार होने वाले शामली महोत्सव की बधाई दी और कहा कि संपूर्ण जनपद में शामली महोत्सव का ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार हो, ताकि सभी को पता लग सके।
डीएम ने व्यापार बंधुओं से कहा कि जब तक शामली महोत्सव रहे उससे पूर्व ही अपनी दुकानों पर सफाई के साथ-साथ फूलों से सजावट और शाम में लाइटिंग की व्यवस्था करें। सभी नगरीय क्षेत्रों में सफाई हेतु अधिशासी अधिकारियों व ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई हेतु डीपीआरओ को निर्देशित किया। बैठक में जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि यदि किसी कारणवश कोई महोत्सव में नहीं आ पाता है, तो वह फेसबुक, यूट्यूब के माध्यम से भी कार्यक्रम का लाइव घर से भी देख सकते हैं, जिसका लिंक उपलब्ध कराया जाएगा। शामली महोत्सव में स्कूली बच्चों, स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ बॉलीवुड कलाकारों की धूम रहेगी। कार्यक्रम स्थल पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं, जिसका जिलाधिकारी ने अरविंद कुमार चौहान ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शामली महोत्सव स्थल का निरीक्षण कर तैयारी का जायजा लिया।
एएसपी ने बताया कि शामली महोत्सव में सुरक्षा के लिए चार सीओ, 11 निरीक्षक, 60 उपनिरीक्षक और 200 पुरुष आरक्षी, 50 महिला आरक्षी और एक कंपनी पीएसी बल की ड्यूटी लगाई गई है।