शामली जिला बार एसोसिएशन चुनाव में विजेंद्र कुमार एडवोकेट ने 74 मतों से जीत दर्ज कर पांचवीं बार अध्यक्ष पद हासिल किया। उन्हें 181 जबकि प्रतिद्वंद्वी चंद्रभान सिंह को 107 वोट मिले।
शामली में जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष पद पर कड़े मुकाबले के बीच विजेंद्र कुमार एडवोकेट ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी चंद्रभान सिंह एडवोकेट को 74 मतों से पराजित कर पांचवीं बार अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। वहीं महासचिव पद पर सतेंद्र कुमार शर्मा दूसरी बार निर्वाचित घोषित किए गए। परिणाम घोषित होते ही बार भवन में समर्थकों ने विजेताओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
सामाजिक समीकरण बने जीत का आधार
अध्यक्ष पद पर विजेंद्र कुमार और चंद्रभान सिंह के बीच कांटे की टक्कर रही। चुनाव से पूर्व अध्यक्ष पद के एक अन्य दावेदार ऋषिपाल बालियान ने विजेंद्र कुमार के समर्थन में मैदान छोड़ दिया था। बताया जा रहा है कि ब्राह्मण, ठाकुर और जाट अधिवक्ताओं के समर्थन ने विजेंद्र कुमार की जीत को मजबूत आधार प्रदान किया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष विजेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि वे अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा और बार की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य करेंगे। अधिवक्ताओं के हितों के लिए कार्य करेंगे। उन्हें परेशानी नहीं होने दी जाएगी।