जितेंद्र की मौत के बाद विलाप करतीं दोनों बहनें और अन्य परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
कांधला थानाक्षेत्र में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर गांव नानूपुरी निवासी बाइक सवार जितेंद्र की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर घायल हो गया। मृतक 18 फरवरी को अपनी दो सगी बहनों की शादी के कार्ड बांटकर घर लौट रहा था। युवक की मौत से शादी की खुशियां गम में बदल गईं।
जितेंद्र की फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
गांव नानूपुरी निवासी जितेंद्र (30) पुत्र रामधन मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता था। उसकी दो सगी बहनों की शादी 18 फरवरी को होनी तय हुई है। मंगलवार को जितेंद्र अपने रिश्तेदार बागपत निवासी मोना के साथ बाइक पर शादी के कार्ड बांटने थानाभवन गया था। कार्ड देने के बाद दोनों बाइक से मंगलवार देर रात घर लौट रहे थे। दोनों युवक नानूपुरी गेट के निकट पहुंचे तो पीछे से तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। दोनों युवक सड़क किनारे जा गिरे। हादसे में जितेंद्र की मौके पर मौत हो गई और मोना गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को कस्बा स्थित निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचे शव का परिजनों ने गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया। बुधवार को ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर अज्ञात वाहन चालक की तलाश कर कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। मृतक युवक के चाचा तीर्थपाल की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
चला गया परिवार का एकमात्र सहारा
जितेंद्र की मौत के बाद घर में उसके माता-पिता, पत्नी कुसम, तीन वर्षीय बेटा रक्षित व दो वर्षीय बेटी विधि रह गई है। वह परिवार में अकेला कमाने वाला था। अब परिवार के सामने जीवन यापन करने की समस्या बन गई है। दोनों बहनों का भी रो-रोकर बुरा हाल था। वे कह रही थी कि भइया तू क्यों चला गया।
कांधला स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आकर बुजुर्ग की मौत
दिल्ली से सहारनपुर जा रही पैसेंजर ट्रेन बुधवार दोपहर करीब पौने तीन बजे कांधला स्टेशन पर पहुंची। जब ट्रेन स्टेशन से रवाना हुई तो सिग्नल के पास 60 वर्षीय व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक लिया, लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने से वृद्ध घायल हो गया। 108 एंबुलेंस घायल को लेकर कांधला सीएचसी पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।