फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli: गन्ना भुगतान नहीं हुआ तो फीस नहीं दे पाए परिजन, छात्रा को लाइब्रेरी में बैठाने का आरोप, हंगामा

Wed, 22 Nov 2023 06:56 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शामली

सार

उत्तर प्रदेश के शामली में एक छात्रा के परिजनों ने फीस न देने पर छात्रा को क्लास में न बैठाकर लाइब्रेरी में बैठाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। वहीं परिजनों का कहना है कि गन्ना भुगतान न होने के कारण वे फीस नहीं दे पाए।
विज्ञापन
फीस
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शामली जनपद के सिंभालका गांव की छात्रा के परिजनों ने सरती देवी राजा राम स्कूल प्रशासन पर आठ माह की फीस न देने पर लाइब्रेरी में बैठाने का आरोप लगाते हुए स्कूल में हंगामा किया, क्योंकि गन्ना भुगतान न होने के कारण वह फीस जमा तक नहीं कर पा रहे थे। वहीं, स्कूल प्रशासन ने आरोप लगाया कि फीस न देने का कारण लिखित में देने की बात कहीं तो परिजन बिना कुछ बताए ही स्कूल से चल गए। 

विज्ञापन


सिंभालका गांव निवासी सूरज ने बताया कि उनकी आठ वर्षीय बेटी शिवांशी कक्षा तीन में शामली के सरती देवी राजा राम स्कूल में पढ़ती है। बताया कि उनका पिछले वर्ष का अभी तक गन्ना भुगतान तक नहीं हुआ है और इसके कारण वह बच्चों की फीस तक नहीं दे पा रहे हैं। साथ ही घर के कार्य भी रुके हैं, जिससे परिवार के लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। मिल प्रशासन भी उनका गन्ना बकाया भुगतान तक नहीं कर रहा है।

उनकी बेटी कक्षा तीन में पढ़ती है। जिसकी आठ माह की फीस रुकी हुई है। स्कूल प्रशासन के लगातार फोन आ रहे हैं और वह गन्ने का बकाया होने के कारण फीस तक जमा नहीं कर पा रहे हैं। फीस जमा न होने के कारण स्कूल के शिक्षक पिछले तीन माह से लगातार को दो घंटे उनकी बेटी को लाइब्रेरी में बैठाकर कार्य कराते हैं, जिससे उसकी पढ़ाई पर काफी असर पड़ रहा है।

कई बार उनके पास फोन आया तो उन्हें बकाया भुगतान होते ही फीस जमा करने की बात कहीं, लेकिन उसके बाद भी उसकी बेटी को लगातार परेशान किया जा रहा था। वह रोजाना घर आकर रोती और परिजनों को शिक्षकों द्वारा अलग बैठाने की बात कहती।

बच्चे के रोने से लगातार परेशान होकर परिजनों ने डीएम व एडीएम से शिकायत कर कार्रवाई करने की मांग की। उसके बाद बुधवार को परिजनों ने स्कूल में पहुंचकर हंगामा किया और बच्ची को परेशान न करने की मांग करते हुए सभी बच्चों को साथ में बैठाने की मांग की है, ताकि बच्ची पर किसी भी तरह का गलत प्रभाव न पड़े।

लिखित में नहीं दे रहे परिजन
सरती देवी राजा राम स्कूल के प्रधानाचार्य नितिन राजन टंडन व प्रबंध समिति ने स्कूल में छात्रा के पिता सूरज व किसान नेताओं की बात सुनी और उनसे कहा कि वह लिखित में दे दें कि फीस क्यों जमा नहीं कर पा रहे हैं। उसके बाद उनकी समस्या का समाधान कराया जाएगा। एक प्रार्थना पत्र में लिख दें कि बकाया गन्ना भुगतान होने के बाद छात्रा की फीस पूरी जमा कर दी जाएगी, लेकिन परिजन बिना लिखित में दिए ही वहां से चले गए।

प्रधानाचार्य ने कहा कि उन्होंने छात्रा को अन्य बच्चों से अलग कर लाइब्रेरी में नहीं बैठाया है और न उनकी पढ़ाई बाधित हुई है। छात्रा का पूरा कार्य कराने के बाद ही घर भेजा जाता है। स्कूल में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं और कोई भी अधिकारी आकर यहां जांच कर सकता है कि उन्होंने छात्रा को लाइब्रेरी में बैठाया है या नहीं। इस बारे में एडीएम संतोष कुमार का कहना है कि मामले की जानकारी नहीं है। जानकारी कराई जाएगी। 
विज्ञापन

डीएम के आदेश पर पहुंची पुलिस, जांच की 
डीएम रवींद्र सिंह के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने सरती देवी राजा राम स्कूल में पहुंचकर छात्रा शिवांशी से बात की और उसके बाद प्रधानाचार्य व शिक्षकों के ब्यान लेकर सीसीटीवी कैमरे चेक किए। छात्रा ने बताया कि उसको पांच दिन से ही लाइब्रेरी में स्कूल फीस न आने के कारण दो घंटे के लिए बैठाया जाता था और वहीं होमवर्क कराया जाता था। उसके बाद क्लास में भेज दिया जाता था। जहां वह पूरी पढ़ाई करती थी। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें