झिंझाना थानाक्षेत्र के गांव वेदखेड़ी में गली में घर के बाहर डाली गई मिट्टी को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच विवाद के दौरान बीच बचाव के दौरान पड़ोसी मजदूर इदरीश (42) की सिर पर लोहे की रॉड से वार कर हत्या कर दी। परिजनों ने थाने पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया।
गांव वेदखेड़ी निवासी इरफान ने अपने मकान की छत के लिए मिट्टी अपने घर के बाहर गली में डाल रखी थी। बुधवार देर रात को गांव का विकास पाल झिंझाना से कार लेकर अपने घर जा रहा था। कार में गांव निवासी फौजी अजीत भी था। रास्ते में मिट्टी पड़ी देखकर विकास ने इरफान को मिट्टी हटाने को कहा। इरफान ने मिट्टी के ऊपर से कार लेने को कहा। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी व मारपीट हो गई।
बताया गया है कि इसी दौरान पड़ोसी इदरीश बीच बचाव के लिए पहुंचा तो उसके सिर में लोहे की रॉड से वार कर दिया। अस्पताल ले जाते समय इदरीश की मौत हो गई। परिजन इदरीश को लेकर झिंझाना थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया।
पुलिस ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया और परिजनों को इलाज कराने की बात कहकर ऊन सीएचसी भेज दिया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि रास्ते में पड़ी मिट्टी को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई।
मारपीट के दौरान सिर में लोहे की रॉड से वार कर दिया, जिसमें इदरीश की मौत हो गई। मुख्य आरोपी अजीत को हिरासत में ले लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। इदरीश राजमिस्त्री के पास मजदूरी करताा था। उसके पत्नी व दो पुत्र है। बड़ा पुत्र 13 साल और छोटा आठ साल का है।