शामली शामला गांव में आई शिवम की बरात में लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद बरातियों और घरातियों ने प्लेट का खाना भी छोड़ दिया। बीमार लोगों को चिकित्सक के पास ले जाया गया।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
ऊन स्थित गांव शामली शामला में शादी समारोह में खाना खाने के बाद फूड प्वाइजनिंग से 10 लोगों की हालत बिगड़ गई। पेट दर्द के साथ उल्टियां होने लगीं। तबीयत बिगड़ने से समारोह में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने खाना छोड़ दिया। कुछ लोगों को शामली के निजी अस्पतालों में उपचार कराना पड़ा, जबकि कई ने गांव में ही निजी चिकित्सक से दवाई ली। सूचना पर पहुंची खाद्य विभाग की टीम ने पनीर और रसगुल्ले के सैंपल लिए हैं।
विज्ञापन
Trending Videos
शुक्रवार को बान्नीपुर गांव के सतीश के बेटे शिवम की बरात शामली शामला में आई थी। खाना खाने के कुछ देर बाद लोगों को उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। बराती और घरातियों की हालत बिगड़ती देख कई ने प्लेट में लिया खाना छोड़ दिया। मौजूदा ग्राम प्रशासक दीपा देवी, सुरेश, डॉ. मुकेश गर्ग और अजित ने शामली के निजी अस्पताल में इनका उपचार कराया। वहीं सचिन शर्मा, मोनू, करण सिंह और फूल्लो ने गांव में ही निजी चिकित्सक से दवाई ली। ग्राम प्रशासक दीपा ने बताया कि 10 से अधिक लोगों की तबीयत खराब हुई। हालांकि इलाज के बाद सभी की हालत में सुधार आया।
सूचना मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम गांव पहुंची। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैनिक सिंह ने बताया कि तीन-चार लोगों को अधिक परेशानी हुई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दूध, खोया और पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही तबीयत बिगड़ने का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।
फूड प्वाइजनिंग से बचाव के उपाय
जिला अस्पताल के सीएमएस डा. मनोज कुमार के अनुसार, शादी समारोह में ताजा और अच्छी तरह पका भोजन ही परोसें। दूध, पनीर और खोया जैसे खाद्य पदार्थों को उचित तापमान पर रखें। भोजन बनाने और परोसने में साफ पानी और स्वच्छ बर्तनों का इस्तेमाल करें। लंबे समय तक खुले में रखे भोजन को खाने से बचें। उल्टी-दस्त होने पर ओआरएस का घोल और पर्याप्त तरल पदार्थ दें। गंभीर लक्षण या शरीर में पानी की कमी होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।