कांधला सीएचसी में भर्ती घायल। ग्रामीण
कांधला/हसनपुर लुहारी। बुधवार शाम जिले में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में सात लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया।
कांधला में बुढ़ाना रोड पर अट्टा गांव के पास तेज रफ्तार कार ने तीन बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में गढ़ीदौलत निवासी शहजाद, खेड़ा मस्तान निवासी सोनू और खेड़ा मस्तान निवासी राजीव घायल हो गए। शहजाद जोगियाखेड़ा स्थित मदरसे में खाना बनाने का काम करता है और वहां से अपने गांव लौट रहा था। सोनू रिश्तेदारी से वापस पानीपत जा रहा था।
पुलिस ने तीनों को सीएचसी कांधला पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर हार्ट सेंटर मेरठ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने कार सवार को हिरासत में लिया है। जांच अधिकारी एसएसआई अमित कुमार ने बताया कि मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है।
उधर, हसनपुर लुहारी क्षेत्र में ख्यावड़ी कट के पास शाम करीब 6:40 बजे देहरादून से दिल्ली जा रही कार में नव्या, भारवी निवासी नोएडा, राजन और पर्व निवासी गंगानगर, राजस्थान सवार थे। ट्रक को ओवरटेक करते समय कार पीछे से उसमें जा घुसी। हादसे में सभी घायल हो गए और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने घायलों को थानाभवन सीएचसी पहुंचाया। नव्या की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सहारनपुर रेफर कर दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया। जांच अधिकारी इंस्पेक्टर बृजेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस उसकी तलाश कर रही है। संवाद
कांधला सीएचसी में भर्ती घायल। ग्रामीण