फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गन्ना पेराई के लिए नीति निर्धारित करें : वीरेंद्र

Tue, 17 Apr 2018 12:35 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/शामली।
विज्ञापन
meeting - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
शामली।  विधान परिषद की प्रश्न एवं संदर्भ समिति के सभापति वीरेंद्र सिंह ने कहा कि खेतों में खड़े गन्ने की पेराई के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किसान प्रतिनिधियों तथा शुगर मिल के अधिकारियों की बैठक कर नीति तय की जाए। गन्ना सप्लाई होने तक चीनी मिलों में पेराई बंद नहीं होनी चाहिए।
विज्ञापन


साथ ही उन्होंने कहा कि नशे की जद में युवा पीढ़ी का भविष्य बर्बाद हो रहा है। अवैध रूप से शराब और मादक पदार्थ की बिक्री पर पूर्णत: प्रतिबंध लगाया जाए।  दंगा पीड़ित लोग जहां भी बस गए हैं, उनके राशन कार्ड तथा वोटर कार्ड उसी निवास के पते पर बनाए जाएं।

सोमवार को शामली कलक्ट्रेट सभाकक्ष में विधान परिषद की प्रश्न एवं संदर्भ समिति के सभापति वीरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। जनपद में लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, कृषि विभाग, विद्युत विभाग, शिक्षा विभाग और अन्य विभागों द्वारा कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। सभापति वीरेंद्र सिंह ने जिला गन्ना अधिकारी से कहा कि खेतों में खड़े गन्ने की पेराई के लिए समुचित व्यवस्था की जाए।
विज्ञापन


जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किसान प्रतिनिधियों और शुगर मिल प्रबंधन की बैठक कराकर गन्ना आपूर्ति को नीति बनाएं, ताकि किसानों को भरोसा मिले कि शुगर मिल गन्ना पेराई के बाद ही बंद होगी। इसके अलावा उन्होंने दिल्ली सहारनपुर हाइवे को गड्ढा मुक्त करने के लिए भी कहा।  समिति के सदस्य आशु मलिक ने कहा कि कैराना क्षेत्र में नशे लत पड़ने से युवा पीढ़ी का भविष्य खतरे में है। लिहाजा नशे के कारोबार को रोकने के लिए जिला प्रशासन कडे़ कदम उठाए, ताकि नशे का अवैध व्यापार बंद हो सके और युवाओं में शिक्षा तथा रोजगार की ओर रुझान बढ़ सके। उन्होंने कहा कि दंगा पीड़ित लोग जहां भी बस गए हैं, उनके राशन कार्ड तथा वोटर कार्ड उसी निवास के पते पर बनाए जाएं।  

समिति के सदस्य महमूद अली ने हरियाणा से आने वाले बालू, रोड़ी तथा डस्ट के ओवरलोडिंग वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के बारे में कहा। उन्होंने कहा कि ओवरलोड वाहनों की वजह से सड़कें खराब होती हैं। समिति के सदस्य रामसकल गुर्जर ने कहा कि राशन की दुकानों पर गरीबों को राशन का वितरण समय पर दिया किया जाए। पात्रों के निष्पक्षता से राशन कार्ड बनाए जाएं।
वहीं, उन्होंने जिला कृषि अधिकारी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि कृषक मेलों में सभी जनप्रतिनिधियों को निमंत्रण क्यों नहीं दिया जाता है।  इस दौरान जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में आयोजित होने वाली कृषि मेलों तथा बैठकों में जनप्रतिनिधियों को जरूर आमंत्रित किया जाए। समिति द्वारा दिए गए सुझाव का क्रियान्वयन किया जाए। उन्होंने समिति को आश्वासन दिया कि समस्त गन्ना पेराई होने तक चीनी मिलों में पेराई बंद नहीं होगी।  
पुलिस अधीक्षक देव रंजन वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी रेनू तिवारी, परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी, जिला विकास अधिकारी बलराम कुमार, सीएमओ राजकुमार सिंह, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता सुनील कपूर, एसडीएम सुरजीत सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग रविंद्र सिंह, देवेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता जल निगम जवाहर सिंह, जिला गन्ना अधिकारी अनिल कुमार भारती, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर, जिला कृषि अधिकारी अनिल भारती, जिला पंचायत राज अधिकारी नरेशचंद्र आदि जनपदीय अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें