शामली में बंद पड़ा रेलवे का आरक्षण केंद्र।
- फोटो : SHAMLI
शामली। रेलवे स्टेशन पर स्थित आरक्षण केंद्र में टिकट बुकिंग कराने के लिए लंबी लाइन लगी है। जिसका कारण सर्वर डाउन रहने से टिकट बुक न होना है। जिसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे स्टेशन पर सुबह आठ बजे से लेकर दोपहर दो बजे तक टिकट आरक्षण का समय निर्धारित है। आरक्षण केंद्र से रेलवे को प्रतिदिन दो लाख से ढाई लाख रुपये तक आय होती है। करीब 150 फार्म प्रतिदिन बिक्री होती है। बीएसएनएल लाइन में बार-बार खराबी के कारण टिकट आरक्षण का कार्य पिछले चार माह से ठप चल रहा है। सर्वर डाउन होने से आरक्षण सेवा प्रभावित हो रही है। जबकि केंद्र पर टिकट आरक्षित कराने के लिए काउंटर पर लंबी लाइन लगी रहती है। सर्वर दस-दस मिनट बाद डाउन होने से यात्रियों को इस सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
शामली से लेकर दिल्ली तक रेलवे की वायर बिछी हुई है। लेकिन अभी तक कनेक्टिविटी चालू नहीं हो पाई है। सहकार भारती के अध्यक्ष अनुज बंसल ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव समेत कई विभागों को शिकायती पत्र देकर अवगत कराया कि शामली रेलवे स्टेशन पर आरक्षण केंद्र में बीएसएनएल लाइन में बार-बार आ रही खराबी को ठीक कराने और रेलवे की टेलीफोन लाइन की कनेक्टिविटी चालू कराने की मांग की है। जिससे शामली के आरक्षण केंद्र की आय बढ़ सके। शिकायती पत्र में यह भी अवगत कराया कि दिल्ली-सहारनपुर रेलवे लाइन 129 साल पुरानी है, जो आजादी के बाद से इस रेलवे लाइन की अनदेखी की जा रही है। इस रेल मार्ग को सिर्फ दिल्ली के लिए दूध आपूर्ति की रेल लाइन समझा जाता है। 150 किमी लंबाई की रेलवे लाइन पर शामली रेलवे स्टेशन पर जो रिजर्वेशन काउंटर है। जो बीएसएनएल की लाइन से कनेक्ट है, जो ज्यादातर खराब रहती है। ऐसे में यात्रियों को मुजफ्फरनगर, पानीपत, सहारनपुर, बड़ौत आदि स्टेशनों का रूख करना पड़ता है।