शामली से गुजरे सेना के वाहनों के काफिले को देखकर लोगों ने जवानों के प्रति श्रद्धा और सम्मान प्रकट करते हुए सलामी दी। शुक्रवार को दिनभर जिले में श्रद्धांजलि सभाएं, पाकिस्तान के पुतले फूंकने और कैंडल जलाए गए। इसी बीच दोपहर में सेना के वाहनों का काफिला शामली होते हुए मुजफ्फरनगर की तरफ जा रहा था। सेना के वाहनों को देखकर लोगों में सैनिकों के प्रति श्रद्धा और सम्मान उमड़ पड़ा। सैनिकों के जज्बे को सलाम करने के लिए लोगों की भीड़ सड़क पर निकल पड़ी। शहर के विजय चौक, फव्वारा चौक, सुभाष चौक आदि स्थानों पर लोगों ने खड़े होकर सेना के काफिले और सैनिकों को सलामी दी। इनके अलावा छतों पर बच्चों और महिलाएं खड़ी होकर सेना के जवानों को सलाम करती नजर आई।
सोशल मीडिया से भी दी शहीदों को श्रद्धांजलि
आतंकी हमले में मारे गए शहीदों को सोशल मीडिया पर भी दिनभर श्रद्धांजलि देने का सिलसिला चलता रहा। लोगों ने शहीदों को अपनी-अपनी कविताओं के माध्यम से श्रद्धांजलि दी, वहीं देशभक्ति से ओतप्रोत मेसेज भी वायरल होते रहे। इनके अलावा मैसेज के जरिये पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई के लिए सरकार से भी मांग की गई। डीपी में भी शहीदों के सम्मान में भारत माता, सेना और वीर सैनिकों से संबंधित फोटो लगाकर देशभक्ति की भावना प्रदर्शित की।