सेहटा फ्लाईओवर नवंबर के आखिर तक चालू होने की उम्मीद
शामली। नवंबर के आखिर तक शामली बाईपास के सेहटा फ्लाईओवर का निर्माण पूरा हो जाएगा। सेहटा फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होने के बाद मेरठ से आने जाने वाले वाहन चालकों बाईपास से मुजफ्फरनगर, सहारनपुर की ओर जाने में सुविधा होगी। मुजफ्फरनगर और मेरठ के वाहनों को शहर में आने की जरूरत नहीं होगी।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के दस किमी लंबे शामली बाईपास का निर्माण पूरा हो चुका है। बलवा में रेलवे और भौराकलां मार्ग पर सेहटा का पुल निर्माणाधीन होने से बाईपास आम नागरिकों के लिए चालू नहीं हो पाया है। शामली बाईपास की जद में मेरठ-करनाल हाईवे का सिंभालका फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। भौराकलां मार्ग पर सेहटा फ्लाईओवर और एप्रोच रोड को जोड़ने के लिए लिंटर का कार्य बाकी है। जबकि फ्लाईओवर के दोनों ओर 200-200 मीटर मिट्टी भराव, रोड़ी बजरी डालकर काली परत डालने और सर्विस लेन का निर्माण बाकी है।
निर्माण एजेंसी के जीएम जितेंद्र बालियान का कहना है कि सेहटा फ्लाईओवर पर मिट्टी डालने का कार्य अगले तीन दिन में पूरा हो जाएगा। मिट्टी डालने के बाद फ्लाईओवर और एप्रोच रोड को जोड़ने के लिए जॉइंट लिंटर डाला जाएगा। पंद्रह दिन में लिंटर खोलने के बाद फ्लाईओवर के दोनों ओर पुल और एप्रोच रोड पर काली परत डाल दी जाएगी। नवंबर के आखिर तक सेहटा फ्लाईओवर और सर्विस लेन को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
--
हाईवे-बाईपास के रेलवे पुलों का निर्माण सालों से अधूरा
शामली। हाईवे और बाईपास की जद में रेलवे पुलों का निर्माण अधूरा है। निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने में एनएचएआई और निर्माण एजेंसी के अफसर रुचि नहीं ले रहे हैं।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के शामली बाईपास में बलवा और मेरठ-करनाल हाईवे के बाईपास में गोहरनी के जंगल में रेलवे पुल, दिल्ली-सहारनपुर रेलवे मार्ग पर शामली और सहारनपुर सीमा पर जंधेड़ी फाटक, रामपुर मनिहारान, मनानी आदि में रेलवे पुलों के पिलर खड़े हैं। पिछले एक साल से इससे आगे काम नहीं बढ़ा। निर्माण एजेंसी के अफसरों का कहना है कि रेलवे पुलों पर विद्युत लाइन नीची कराई जाएगी। रेलवे की ओर से ब्लॉक लेकर कार्य किया जाएगा। पिछले सप्ताह विकास भवन में भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी की अध्यक्षता में दिशा की बैठक में रेलवे के पुलों के निर्माण में तेजी लाने का मुद्दा उठाया गया था। लेकिन एनएचएआई के अधिकारी इस मामले में कुछ भी स्पष्ट नहीं बता पाए थे।
सांसद प्रदीप चौधरी का कहना है कि वह रेलवे और एनएचएआई अफसरों से बातचीत करके समस्या का समाधान कराएंगे। निर्माण एजेंसी के जीएम जितेंद्र बालियान का कहना है कि सांसद या डीएम रेलवे के पुलों के निर्माण में आ रही बाधा दूर करा सकते हैं।
शामली बाईपास पर सेहटा गांव के पास फ्लाईओवर का अधूरा पड़ा कार्य।- फोटो : SHAMLI