कालेज के बाहर गंदगी देख नाराज हुईं एसडीएम
कांधला। उपजिलाधिकारी ने रविवार सुबह कस्बे की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। डिग्री कॉलेज के बाहर गंदगी देख उन्होंने पालिका कर्मियों को सुधार की सख्त हिदायत दी।
रविवार सुबह उपजिलाधिकारी कैराना मणि अरोड़ा ने कस्बे मेें पहुंचकर सफाई व्यवस्था की जांच की। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के गेट पर जब वह पहुंचीं तो वहां नालों का पानी ओवर फ्लो के कारण सड़क पर आ रहा था। कॉलेज के गेट पर गंदगी के ढेर लगे थे। उन्होंने मौके पर ही सफाई निरीक्षक, पालिका लिपिक को बुलाया और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके बाद वह पैदल ही नगर के बाजार में निरीक्षण के लिए निकल गई। एसडीएम ने पालिका कार्यालय में जाकर पालिकाध्यक्ष और अन्य कर्मचारियों के साथ बैठक की। उन्होंने नालों के ऊपर रखे गए खोखे हटवाने को कहा। उसके साथ एक बार फिर उपजिलाधिकारी नगर के बाजारों में निकल गई तथा सब्जी मंडी, मैन बाजार के साथ लक्ष्मी नारायण मंदिर के समीप के दुकानदारों को बाजार को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए कहा। उन्होंने दुकानदारों को हिदायत दी कि कोई भी सामान सड़क पर न रखा जाए। उन्होंने हलवाइयों के यहां दुकानों पर घरेलू सिलेंडरों के प्रयोग पर नाराजगी जाहिर की।