स्कूलों ने की फीस माफ करने की घोषणा
शामली। शामली। कांधला क्षेत्र के कुछ निजी स्कूलों ने स्कूल खुलने तक छात्र-छात्राओं की फीस माफ करने की घोषणा की है। एमएलसी वीरेंद्र सिंह की मौजूदगी में डीएम से मिले स्कूल संचालकों ने कोरोना संक्रमण के कारण प्रभावित हो रहे स्कूलों को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
मंगलवार को लगभग एक दर्जन स्कूलों के संचालकों ने एमएलसी विरेंद्र सिंह की मौजूदगी में डीएम जसजीत कौर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के चलते ग्रामीण क्षेत्र के अभिभावकों की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। स्कूलों में अधिकांश किसानों एवं मजदूरों के बच्चे पढ़ते हैं जो फीस देने में असमर्थ हैं। इसलिए कुछ निजी विद्यालयों ने जब तक स्कूल नहीं खुलते तब तक सभी बच्चों की फीस माफ करने की घोषणा की है। एमएलसी विरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री से बात कर स्कूलों की मदद का आश्वासन दिया है। मान्यता प्राप्त विद्यालय संघ कांधला के अध्यक्ष रविंद्र मलिक ने बताया कि क्षेत्र के 12 विद्यालयों ने स्कूल खुलने तक फीस माफ करने की घोषणा की है।
इन स्कूलों में आदर्श विद्या मंदिर जूनियर हाईस्कूल लिसाढ़, जय किसान पब्लिक स्कूल लिसाढ़, शहीद भगत सिंह जूनियर हाईस्कूल लिसाढ़, श्रीश्वेतांबर बाल विद्यालय जूनियर हाईस्कूल लिसाढ़, सन फ्लावर पब्लिक स्कूल हसनपुर, शिव पब्लिक स्कूल किवाना, आदर्श सरस्वती बाल विद्यालय जूनियर हाईस्कूल सुन्ना, माडर्न पब्लिक स्कूल लांक, राजेश पायलट पब्लिक स्कूल पंजोखरा, सरस्वती शिशु निकेतन स्कूल भभीसा, शहीद भगत सिंह पब्लिक स्कूल मतनावली शामिल हैं। ज्ञापन देने वालों में स्कूल संचालक रविंद्र मलिक, संजीव कुुमार, कृष्णपाल, गौरीशंकर, रामअवतार, बीरसैन, अभिषेक, अमित कुमार, कुलदीप सिंह, विरेंद्र सिंह एवं प्रदीप कुमार शामिल रहे।