झिंझाना। इंटर कॉलेज से छात्राओं को लेकर घर छोड़ने जाते समय स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे के दौरान बस में सवार 11 छात्राएं घायल हो गईं।
झिंझाना में प्राथमिक उपचार के बाद छात्राओं को शामली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस चालक को पुलिस ने पूछताछ के लिए ऊन चौकी पर बैठा लिया और बस भी कब्जे में ले ली। पुलिस का कहना है कि चालक नशे की हालत में था, जबकि चालक ने स्टेयरिंग फेल होने के कारण बस पलटना बताया।
शुक्रवार को झिंझाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर स्थित बलवंती देवी कन्या इंटर कॉलेज की छुट्टी होने के बाद 50 छात्राओं को बस में बैठाकर चालक जोगेंद्र निवासी टोडा उनके घर छोड़ने जा रहा था।
ऊन तक 30 छात्राओं को उतार दिया था। दुर्घटना के समय बस में 20 छात्राएं बैठी थीं। जोगेंद्र के अनुसार जब वह गांव भंभेड़ी शाहपुर के निकट पहुंचा, तो स्टेयरिंग फेल होने से बस सड़क किनारे खेत में पलट गई, खेत में पानी भरा था। बस के पलटते ही उसमें सवार छात्राओं की चीख पुकार मच गई। आसपास के खेतों से किसानों ने मौके पर पहुंचकर बस के अंदर फंसी छात्राओं को बाहर निकाला। छात्राओं को झिंझाना सीएचसी भिजवाया गया।
सूचना पर पुलिस और छात्राओं के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर ऊन चौकी पर भिजवा दिया। चालक को भी पुलिस ने पूछताछ के लिए चौकी में बैठा लिया।
हादसे में छात्रा रेशु, जूली गंगारामपुर खेड़की, ईशा भोगी माजरा, प्राक्सी बझेड़ी, वर्णिका, पूजा, आरती, नीशी, इशिका, आंचल टोडा, वंशिका बसी चुंधियारी आदि घायल हो गईं। इनमें से जूली, रेशू, बेबी, और आरती को शामली के प्राइवेट अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया।
थाना प्रभारी अवनीश गौतम ने बताया कि चालक नशे की हालत में था, जो पुलिस हिरासत में है। घायल छात्राओं के परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस अपनी तरफ से कॉलेज संचालक और आरोपी बस चालक के खिलाफ कार्रवाई करेगी। उधर, कॉलेज संचालक का कहना है कि बस में तीन छात्राएं सवार थीं, जिन्हें मालूम चोट आई है।
एआरटीओ की ओर से भी होगी कार्रवाई
एआरटीओ कय्यूम ने बताया कि हादसे की जानकारी होने पर उन्होंने भी टीम मौके पर भेजी थी। वहां स्कूल बस नहीं मिली। यदि यातायात नियमों का पालन नहीं किया गया और लापरवाही बरती गई है, तो शनिवार को कॉलेज संचालक के खिलाफ उचित कार्रवाई जाएगी।