शामली। गांव नोजल में 13 दिन पहले श्रमिक संजीव की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि अनैतिक संबंध में बाधक बनने पर युवक की हत्या की गई थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों का चालान कर दिया।
शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में एसपी विनीत जायसवाल ने प्रेसवार्ता में बताया कि 27 जनवरी को थानाभवन पुलिस को गांव नोजल में देवेंद्र के सरसों के खेत युवक का शव मिला था। पहचान गांव नोजल निवासी संजीव के रूप में हुई। उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। 28 जनवरी को मृतक संजीव के साले संजय कुमार निवासी ग्राम अलीपुर थाना कैराना तहरीर पर रिपोर्ट अज्ञात में दर्ज की गई थी। संजय ने बताया था कि उसके जीजा संजीव 26 जनवरी को देवेंद्र के खेत में गन्ना छिलाई के लिए गए थे। एसपी ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने संजीव की पत्नी रानी, मौसी के लड़के सोनू निवासी गांव बझेड़ी थाना झिंझाना और मुकेश निवासी गांव नोजल को गिरफ्तार किया।
एसपी के मुताबिक मृतक की पत्नी से सोनू के साथ करीब डेढ़ वर्ष से अनैतिक संबंध चल रहे थे। इसकी जानकारी होने पर संजीव विरोध कर रहा था। इस बात को लेकर उनके बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। सोनू और रानी कोर्ट मैरिज करना चाहते थे, लेकिन संजीव बाधक बना हुआ था। उसको रास्ते से हटाने के लिए उसकी पत्नी रानी ने सोनू और अपने पूर्व प्रेमी मुकेश को विश्वास में लेकर हत्या की साजिश रच डाली। सोनू और मुकेश ने खेत पर काम करने गए संजीव की गला दबाकर हत्या कर दी थी और शव को सरसों के खेत में छिपा दिया था। एसपी ने बताया कि मृतक की पत्नी और हत्या के आरोप में सोनू और मुकेश को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है।
पत्नी ने सोनू को दी थी खेत में जाने की सूचना
एसपी ने बताया कि संजीव की पत्नी के गांव के मुकेश से भी पूर्व में अनैतिक संबंध रहे हैं। मुकेेश गांव का किसान है। रानी उसके खेत में काम करने जाती थी। बाद में रानी झिंझाना क्षेत्र में किसी चिकित्सक से दवा लेने जाती थी। उसी दौरान संजीव की मौसी के लड़के सोनू से मिलना जुलना हो गया था, जिसके चलते बाद में सोनू से अनैतिक संबंध बन गए थे। 26 जनवरी को जब संजीव खेत पर गया तो उसकी पत्नी ने मोबाइल से सोनू को खेत पर जाने की सूचना दी थी। इसके बाद सोनू ने मुकेश खेत पर पहुंचे। पहले दोनों ने संजीव के साथ शराब पी और नशे में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी। मृतक की पत्नी मोबाइल को छिपाकर रखती थी। सोनू से पूछताछ में मोबाइल की बात सामने आई है। मृतक की पत्नी से मोबाइल बरामद हो गया है। दोनों हत्यारोपियों ने इस घटना पर पछतावा होना बताया है। एसपी ने बताया कि आरोपी रानी के चार बच्चे है और वह गर्भवती है।