कैराना। नगरपालिका में तैनात स्थायी सफाई कर्मचारी दीपक कुमार उर्फ सूरज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उस पर कर्मचारियों से रिश्वत लेने और पहली पत्नी के रहते दूसरा विवाह करने का आरोप है।
विज्ञापन
अधिशासी अधिकारी समीर कुमार कश्यप ने यह कार्रवाई की है। कर्मचारी के खिलाफ पहले भी अनुचित तरीके से धनराशि लेने की शिकायतें मिली थीं। इन शिकायतों पर दीपक कुमार उर्फ सूरज ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया था। वह लगातार कर्मचारियों से भी रिश्वत मांग रहा था। 16 अक्तूबर को उसकी पत्नी ने पालिका में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि दीपक कुमार उर्फ सूरज ने पहली पत्नी के रहते दूसरा विवाह कर लिया है।
अधिशासी अधिकारी समीर कुमार कश्यप ने बताया कि कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया है। इस मामले में विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। जलकल विभाग के जेई हिमांशु नारायण को जांच अधिकारी नामित किया गया है। वह आरोपों की विस्तृत जांच करेंगे।