कांधला। मोहल्ला रायजादगान में पांच लोगों के कोरोना की जांच के लिए दोबारा सैंपल लिए गए है।
कस्बे के मोहल्ला रायजादगान में 17 जून को हेयर सैलून संचालक के सैंपल की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। अगले दिन 18 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने युवक के संपर्क में आए मोहल्ले के 36 लोगों के सैंपल लिए थे। उन लोगों की रिपोर्ट नहीं आ पाई, जबकि लोग स्वास्थ्य विभाग से संपर्क कर जांच रिपोर्ट को जानने की कोशिश करते रहे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने फिर से मोहल्ले में सैंपल लेने पहुंची तो मोहल्लेवासियों ने दोबारा सैंपल देने से इंकार कर दिया था। पुलिस और स्वास्थ्यकर्मियों के समझाने पर पांच लोगों ने सैंपल दिए जबकि अन्य लोग चले गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉक्टर बिजेंद्र सिंह का कहना है कि पुलिस का सहयोग लेकर बाकी लोगों को चिह्नित कर उनके भी सैंपल लिए जाएंगे। उधर, मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डा. रश्मिकांत ने बताया कि कस्बे के मेडिकल संचालक और निजी चिकित्सकों ने अपने स्टाफ सहित 45 लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर एहतियात के तौर पर कोरोना की जांच के लिए सैंपलिंग कराई है।