शामली। डीएम रविंद्र सिंह ने कहा कि जिला अस्पताल में नदारद रहने वाले चिकित्सकों का वेतन कटेगा और लगातार अनुपस्थित मिलने वाले चिकित्सकों की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
जिला अस्पताल में ओपीडी में चिकित्सकों के समय पर न बैठने और नदारद रहने की शिकायतें मिलने पर डीएम रविंद्र सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को डिप्टी कलेक्टर हामिद हुसैन ने सुबह नौ बजे जिला अस्तपाल पहुंचकर औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान कई चिकित्सक नदारद मिले थे, जबकि कई अवकाश पर पाए गए थे। डीएम रविंद्र सिंह ने बताया कि डिप्टी कलेक्टर ने अपने निरीक्षण की रिपेार्ट अभी नहीं भेजी है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में चिकित्सकों के नदारद रहने की शिकायतें मिल रही हैं। जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण आगे भी कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान नदारद मिलने वाले चिकित्सकों का वेतन काटा जाएगा। साथ ही लगातार अनुपस्थित मिलने वाले चिकित्सकों की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।