कांधला क्षेत्र के गांव खन्द्रावली के जंगल मे एसपी शामली के साथ बदमाशो की तलाश करते पुलिसकर्मी
- फोटो : SHAMLI
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव खंदरावली पूर्वी यमुना नहर के निकट बाइक सवार दो बदमाशों ने हथियारों के बल पर दंपती को बंधक बनाकर 35 हजार की नकदी सहित अन्य सामान लूट लिया। सूचना पर एसपी समेत कई थानों की फोर्स ने खेतों की कांबिंग की और एक बदमाश को दबोच लिया जबकि दूसरा फरार हो गया।
बुधवार को थाना क्षेत्र के गांव खंदरावली निवासी आकिल दोपहर तीन बजे पत्नी निशा के साथ बाइक से बीमार रिश्तेदार का खाना लेकर शामली जा रहा था। पूर्वी यमुना नहर के निकट दो हथियारबंद बदमाशों ने दंपती को बंधक बनाते हुए हजारों की नकदी और अन्य सामान लूट लिया। पीड़ित दंपती ने मदद के लिए शोर मचाया तो ग्रामीणों और राहगीरों ने बदमाशों को घेर लिया। इस पर बदमाश जंगल में भाग गए। ग्रामीणों की सूचना पर एसपी शामली अजय कुमार, एसओजी, कांधला, कैराना सहित आसपास का पुलिस बल मौके पर पंहुच गया। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए ईख के खेत में छिपे बदमाशों को ललकारना शुरू कर दिया। पुलिस ने घंटों जंगल में कांबिंग की। बदमाशों ने पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। एसपी शामली और पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की और ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। इस दौरान पुलिस ने एक बदमाश को दबोच लिया जबकि उसका भागने में कामयाब रहा। थाना प्रभारी के अनुसार पकड़ा गया आरोपी बागपत के बड़ौत निवासी आकाश है। पुलिस ने दावा किया है कि उसके पास से लूटी गई रकम, एक पिस्टल, तमंचा और चार जिंदा कारतूस और एक बिना नंबर की बाइक बरामद की है। उसने अपने साथी का नाम अंकित बताया है।