शामली। यातायात पुलिस और उप संभागीय प्रवर्तन कार्यालय की ओर से बच्चों ने रैली निकालकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। नाटिका के माध्यम से भी यातायात नियमों के अनुपालन को प्रेरित किया। रैली का शुभारंभ डीएम सुजीत कुमार ने किया।
सोमवार को यह रैली आर्य समाज मंदिर से शुरू होकर शिव चौक, फव्वारा चौक, विजय चौक, गगन गार्डन पर जाकर संपन्न हुई। इस दौरान सरस्वती विद्या मंदिर के बच्चों ने बैंड के साथ रैली की अगुवाई की। बच्चों ने संदेश दिया कि वाहन सही चलाएं, अनमोल जिंदगी बचाएं। रॉक गोल्ड एकेडमी के बच्चों ने नाटिका प्रस्तुत कर नशे में वाहन न चलाने, ट्रिपल राइडिंग से बचने का संदेश दिया। सेंट आरसी कान्वेंट स्कूल, मेपल्स एकेडमी के करीब 800 बच्चों ने हिस्सा लिया। गगन गार्डन में बच्चों को सम्मानित किया गया।
इस दौरान सीओ ट्रैफिक निशांक शर्मा, उपसंभागीय प्रवर्तन अधिकारी मोहम्मद कय्यूम, ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर भंवर सिंह आदि मौजूद रहे। उधर, मेपल्स एकेडमी के बच्चों ने भी जागरूकता रैली निकालकर यातायात नियमांे के पालन का संदेश दिया। स्लोगनों के माध्यम से बच्चों ने आसानी से प्रमुख यातायात नियमों की जानकारी भी दी।