शामली/कैराना। जिले भर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भीड़ उमड़ पड़ी। 168 शिकायती पत्रों में मात्र 11 शिकायती पत्रों का मौके पर निस्तारण किया गया। कलक्ट्रेट सभाकक्ष में एसडीएम सुरजीत सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान तहसील दिवस में 64 शिकायती पत्र प्राप्त हुए, जिनमें मौके पर पांच शिकायती पत्रों का मौके पर निस्तारण किया गया।
एसडीएम ने संबंधी अधिकारियों को शिकायतोें का निस्तारण समयावधि में करने के निर्देश दिए हैं। तहसील दिवस में गढीपुख्ता निवासी अशोक कुमार ने शिकायत में अवगत कराया कि ओबीसी बैंक मालेंडी के शाखा प्रबंधक से कृषि क्रेडिट कार्ड का तीन लाख रुपये का ऋण माफ करने की मांग की है। शामली रेलपार निवासी राजकुमारी पत्नी रमेशचंद, मुनेश, केलादेवी, अलका, किरण, सुनीता, सुरेश वती, राजेशदेवी, बबली संगीता आदि ने ने राशन डीलर पर आरोप लगाया कि राशन डीलर ने 100 राशन कार्डों पर अनाज नही दिया है।
उधर, ऊन तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस एडीएम शिव बहादुर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। एडीएम ने संबधित अधिकारियों को जन समस्याओं का समय पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उधर, कैराना में संपूर्ण समाधान दिवस में आयी 52 शिकायतों में से केवल चार का मौके पर निस्तारण किया गया। बाकी शिकायतों को एक सप्ताह में निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रेषित किया गया। डीएम इंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कांधला निवासी नारो देवी ने नौकरी लगवाने के नाम पर ढाई लाख रुपये ठगे जाने की शिकायत की। ब्यूरो