उतर प्रदेश के शामली में जन्माष्टमी पर्व पर शुक्रवार देर रात्रि मंदिर से घर लौट रही दो शिक्षिकाओं के साथ छेड़छाड़ को लेकर बवाल हो गया।। पीड़ित के परिवार के विरोध करने पर आरोपियों ने हमला कर दिया। जिसमें दोनों शिक्षिकाओं सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद कार्रवाई में लापरवाही बरतने पर शनिवार सुबह पीड़ित के साथ पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भाजपा नेताओं ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। सीओ के आश्वासन पर धरना समाप्त किया गया। दूसरे पक्ष से भी महिलाओं ने थाने पहुंचकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़े:
UP: राकेश टिकैत गाजीपुर बॉर्डर से गिरफ्तार, पुलिस ने थाने में बैठाया, भाकियू कार्यकर्ताओं में रोष
विरोध करने पर युवकों ने भाई पर लाठी डंडों व बेल्टों से किया हमला
जन्माष्टमी पर्व पर कांधला कस्बे के एक मोहल्ला निवासी दो शिक्षिका अपने परिजनों के साथ सूरज कुंड मंदिर में गई थी। आरोप है कि वहां से लौटते समय बीच रास्ते में कुछ युवक हूटिंग व बाइक से स्टंट कर रहे थे। आरोप है कि इन युवकों ने शिक्षिकाओं से छेड़छाड़ की व अश्लील फब्तियां कसी।
शिक्षिका के भाई ने विरोध किया तो करीब 20 से 25 युवकों ने लाठी डंडों व बेल्टों से हमला कर दिया। जिसमें दोनों शिक्षिका व भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस को सूचना देने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उनकी हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। आरोप है कि थाने पर तैनात एसएसआई गजेंद्र भाटी ने कार्रवाई करने की बजाय पीड़ित पक्ष को अभद्र व्यवहार कर भगा दिया। जिससे पीड़ित पक्ष में पुलिस के प्रति आक्रोश पनप गया।
भाजपा नेताओं का थाने पर प्रदर्शन
शनिवार सुबह पीड़ित पक्ष व्यापारियों व भाजपा नेताओं के साथ थाने पर पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। थाने पर धरना दिए जाने की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
सीओ कैराना ने मौके पर पहुंचकर इन लोगों को समझाया, लेकिन यह लोग आरोपियों की गिरफ्तारी व कार्रवाई में लापरवाही बरतने वाले एसएसआई गजेंद्र भाटी को थाने से हटाने की मांग को लेकर नारेबाजी करते रहे। सीओ ने मामले की जानकारी एसपी अभिषेक को दी। एसपी से वार्ता के बाद सीओ ने धरनारत लोगों को उनकी मांगें पूरी किए जाने का आश्वासन दिया। सीओ के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गय।
इस प्रकरण में पीड़ित पक्ष ने सागर, निखिल सहित छह लोगों को नामजद करते हुए 20 -25 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले में सीओ कैराना ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर तीन लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उधर, दूसरे पक्ष से महिलाओं ने सीओ से मुलाकात कर बताया कि छेड़छाड़ की वारदात गलत है। बाइक टकराने पर विवाद हुआ है। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की।