शाामली। विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के कारण नए बस अड्डे के लिए जगह नहीं मिलने के कारण दिल्ली रोड पर बसें खड़ी हो रही है, जिसके कारण यहां जाम लग रहा है और दुकानदारों, वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। दुकानदारों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
दिल्ली रोड पर नगर पालिका की जमीन पर पिछले करीब 50 साल से बस अड्डा संचालित हो रहा है। बस अड्डे में जमीन कम होने के कारण आठ से दस बसें ही एक साथ खड़ी हो पाती है। जिसके कारण सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, लोनी आदि से आने वाली बसों को बस अड्डे के बाहर सड़क पर खड़ा करना पड़ता है। जिसके कारण सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लगती है, जिसके कारण जाम लगा रहता है। इससे दुकानदारों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। दुकानदारों ने विभागीय अधिकारियों से समस्या के समाधान की मांग की है।
लग रहा है जाम, हो रही है परेशानी
स्पेयर पार्ट्स की दुकान करने वाले राकेश का कहना है कि बसों के सड़क पर खड़े होने से आए दिन जाम लगता है। बसों के हार्न के कारण परेशानी होती है। जल्द ही प्रशासन को बसों को खड़ी करवाने की उचित व्यवस्था करनी चाहिए।
मोबिल ऑयल विक्रेता सोनू का कहना है कि कई बार विभागीय अधिकारियों से भी समस्या की मांग की गई मगर समाधान नहीं किया जा रहा है। नया डिपो बनने के बाद ही समस्या का हल होगा।
विकास का कहना है कि बसों के सड़क पर खड़ी होने के कारण बिक्री भी नहीं हो पाती। जाम से परेशानी होती है। जल्द से जल्द समस्या का समाधान होना चाहिए।
नए बस अड्डे और डिपो के लिए जमीन तलाशी जा रही है। अभी नहीं मिल सकी है। डिपो के लिए जमीन बनने के बाद ही बसों को खड़ी करने का स्थान मिल सकेगा। लोगों की परेशानी दूर होगी।
अनिल शुक्ला, एआरएम, शामली