शामली। जिले में हर घर जल योजना के तहत टंकी बना दी। रास्तों को उखाड़कर पाइप लाइनें भी बिछा दीं, लेकिन घरों तक पानी की एक बूंद भी नहीं पहुंची। अब पानी मिलने की आस तो पूरी नहीं हुई ब्लकि खंड़जों पर बने गड्ढे लोगों की पीड़ा को बढ़ा रहे हैं। उबड़-खाबड़ हुए रास्तों से ग्रामीण हादसों का शिकार हो रहे है। आरोप है कि शिकायतों के बाद भी अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
शामली के गांव जलालपुर में एक साल पहले टंकी का निर्माण हुआ था। ग्रामीण राकेश, नीटू अरविंद ने बताया कि आज तक पानी नहीं मिला। ठेकेदार द्वारा सड़के भी उखाड़कर ऐसे ही छोड़ दी। गांव बधेव में अख्तरी और नीटू ने बताया कि छह माह पहले टंकी का निर्माण हुआ और पाइपलाइन भी डाल दी, लेकिन पानी नहीं आया। ऊपर से रास्ता भी खराब कर दिया। गांंव करोड़ी में भी यही हाल है।
कैराना ब्लाॅक के गांव झाड़खेड़ी में दो साल पहले पाइप लाइन डालकर मुख्य रास्तों को गड्ढों की हालत में ही छोड़ दिया। राकेश, प्रमोद, सुभाष आदि ने बताया कि दो साल से सड़कें उबड़-खाबड़ पड़ी है। मामौर का भी यही हाल है। यहां भी खड़ंजे उखाड़कर पाइप लाइन डालने के बाद ऐसे ही छोड़ दिया गया। बाबरी में पेयजल टंकी के लिए खोदाई कर खड़ंजों को ऐसे ही छोड़ दिया गया। ग्रामीणों ने अनेकों बार ग्राम प्रधान, सचिव सहित अन्य अधिकारियों से शिकायत की, इसके बावजूद अभी तक किसी ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। ग्रामीण प्रदीप पाल, अमित कुमार, आमिर सलमानी, सहित अन्य ने बताया कि रास्ता खराब होने के कारण इन पर चलना तक दूभर हो गया है।
झिंझाना के गांव पटनी प्रतापपुर के नौ मजरों में जल निगम द्वारा एक वर्ष पूर्व सड़क को उखाड़ कर पाइपलाइन डाली गई, लेकिन अभी तक पानी नसीब नहीं हुआ। रास्तों में गड्ढे होने के कारण लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। गांव निवासी इरफान अल्वी ने बताया कि उनकी कार तथा गांव निवासी मुनव्वर हसन की कार के चेंबर उभरी हुई सड़क में लगने के कारण टूट गए। वहीं उभरे पत्थरों में बाइक फिसल कर गिरने से रियासत, हारून, शराफत तथा अन्य ग्रामीणों को काफी चोटें आ चुकी है। इरफान अल्वी ने बताया कि लक्ष्मणपुर, दूधली, अलाउद्दीनपुर, अभय नगर, मंदिर वाला, खजूर वाला, धरमपुर, आनंदपुर में जल निगम द्वारा रास्ता उखाड़ कर ऐसे ही छोड़ दिया है। सतबीर, जहांगीर, अशोक, रिशिपाल, मैनपाल आदि ने बताया कि जल निगम द्वारा गांव में पाइप लाइन डाली गई थी। एक वर्ष पूर्ण होने पर भी न तो सड़क ठीक कराई गई और न ही ग्रामीणों को पानी उपलब्ध हो पाया है।
कांधला के गांव इस्लामपुर घसौली में पेयजल आपूर्ति के लिए करीब छह माह पूर्व खोदी गई सड़कें आज तक बदहाल अवस्था में है। ग्रामीण बदरुजमा अहमद, रज्जो अहमद आदि का आरोप है कि सड़क सही न होने से दोपहिया वाहन चालकों के साथ आए दिन हादसे हो रहे हैं। संबंधित अधिकारियों, ग्राम प्रधान व ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को समस्या के समाधान की शिकायत लिखित व मौखिक शिकायत की जा चुकी है लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हो पाया।
निर्माण कंपनियों को कई बार नोटिस भेजे जा चुके है। इसके बाद भी सुधार नहीं हो रहा है। इसकी रिपोर्ट जल्द ही डीएम की भेजी जाएगी।
-फूल कुमार एक्सईन जल निगम