- ठेकेदार मिट्टी रोड़ी डालकर हुआ लापता
- वाहनों के आवागमन से उड़ती है धूल
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
झिंझाना। सरकारी हॉस्पिटल से लेकर गांव दरगाहपुर रोड बरात घर के सामने तक लगभग डेढ़ किमी लंबे रास्ते का निर्माण छह माह से अधूरा पड़ा है। रास्ते पर मिट्टी और रोड़ी डालकर ठेकेदार लापता हो गया है। रास्ते पर वाहनों के आवागमन से उड़ने वाली धूल के चलते आसपास लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सांस लेने तक में भी मुश्किल होती है। सांस के साथ फेफड़ों में धूल जाने से कईयों को सांस संबंधी बीमारियां भी हो गई हैं। रोड़ी पर दोपहिया वाहन चालक फिसलकर घायल हो चुके है। समस्या के समाधान के लिए लोगों ने पीडब्ल्यूडी कार्यालय में कई बार प्रार्थना पत्र भी दिए, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ।
दरगाह पुर रोड निवासी नीटू ने बताया कि उसकी इसी मार्ग पर साइकिल रिपेयरिंग की दुकान है। पूरे दिन वाहनों के आवागमन के चलते उड़ती धूल के कारण बीमार पड़ गया हूं। छह महीने से अधिक हो गए रोड़ को उखड़े हुए, लेकिन अभी तक इस पर काली परत नहीं डाली गई।
दुकानदार शहिद का कहना है कि कई बार पीडब्ल्यूडी कार्यालय में सड़क का निर्माण पूरा कराने के लिए प्रार्थना दिए थे। इस पर अधिकारियों ने मिल बंद होने के बाद ही सड़क निर्माण कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है।
कारपेंटर का काम करने वाले रवि कुमार ने बताया कि दीपावली के समय से यह सड़क उखाड़ी गई थी। ठेकेदार ने रोड़ी-मिट्टी डाली थी। जिससे हर समय पत्थर उछलकर लगने का डर सताता रहता है। सबसे अधिक पूरे दिन धूल से परेशानी होती है।
बाबा वाटर प्यूरीफाई कंपनी के डीलर के मालिक राजेश कुमार ने बताया कि सड़क पर रोड़ी फैली होने से आने-जाने वालों को भारी परेशानी होती है। कई बार तो बाइक वाले फिसल कर गिरने से घायल हुए हैं, लेकिन ठेकेदार सड़क उखाड़कर लापता हो गया है।
वर्जन.........
सड़क का निर्माण अभी तक क्यों पूरा नहीं हुआ है, इसे दिखवाएंगे। ग्रामीणों की समस्या का जल्द निस्तारण कराया जाएगा। - सनत गुप्त ऋषि, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी।