झिंझाना। खेत जा रहे किसान पर कुत्तों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पास में कार्य कर रहे लोगों ने कुत्तों से किसान की जान बचाई। बाद में परिजनों ने घायल को सीएचसी में भर्ती गया।
मूदा पुत्र अब्दुल निवासी गांव ओदरी सोमवार सुबह अपने खेत पर जा रहा था। रास्ते में अचानक कुत्तों ने किसान पर हमला कर दिया। हमले के दौरान कुत्तों ने किसान के दोनों हाथ नोंच डालें। चीख-पुकार सुन पास के खेत पर कार्य कर रहे लोगों ने कुत्तों के झुंड से किसान की जान बचाई। बाद में परिजनों ने घायल किसान को झिंझाना सीएचसी में भर्ती कराया, जहां पर इलाज के बाद किसान को छुट्टी दे दी गई। रविवार को कस्बे के मोहल्ला मेमरान निवासी नईम अंसारी पर भी कुत्तों ने हमला कर घायल कर दिया था। कुत्तों के बढ़ते हमलों से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
-
जलालाबाद में कर दिया बालक को घायल
कुत्तों और बंदरों के हमले लगातार बढ़ रहे हैं। जलालाबाद में घर के बाहर खेल रहे बालक पर कुत्तों ने हमला कर गंभीर घायल कर दिया था, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। पिछले माह कैराना में एक युवक कुत्तों के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया था, उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिले में सभी क्षेत्रों में लोग कुत्तों और बंदरों के आतंक से परेशान हैं। ये कभी भी अचानक हमला कर देते हैं। लोगों ने कुत्तों और बंदरों को पकड़वाने की मांग की है।