संवाद न्यूज एजेंसी
चौसाना/ऊन। ऊन शुगर मिल पर बकाया गन्ना मूल्य भुगतान की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को रालोद का धरना-प्रदर्शन होगा।
किसानों का ऊन शुगर मिल पर सत्र 2021-22 के करीब 152 करोड़ रुपये बकाया हैं। इसके भुगतान की मांग को लेकर राष्ट्रीय लोकदल का धरना-प्रदर्शन बृहस्पतिवार सुबह दस बजे ऊन शुगर मिल पर शुरू होगा। राष्ट्रीय लोकदल के शामली विधायक प्रसन्न चौधरी व थाना भवन विधायक अशरफ अली खान समेत पार्टी के तमाम नेता व कार्यकर्ता करीब 15 दिन से क्षेत्र के गांव-गांव जाकर किसानों से धरनास्थल पर पहुंचने का आह्वान कर रहे हैं।
उन्होंने गांव टोडा में सभा को संबोधित किया। किसानों से धरने में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में इंटर कॉलेज बनवाने की मांग उठाई। जिस पर विधायक ने कहा कि इसके लिए प्रयास किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उन्होंने स्टेडियम बनवाने के लिए दस बीघा भूमि उपलब्ध कराने की ग्रामीणों से अपील की। जिससे क्षेत्र में स्टेडियम का निर्माण राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत सिंह की निधि से कराया जा सके। बैठक की अध्यक्षता अता प्रधान भड़ी ने की तथा संचालन सनोज चौधरी टोडा ने किया। यहां कालूराम राठी, वीरेंद्र प्रधान, यशपाल राठी, संसार सिंह, लोकेंद्र, मनोज, कपिल शर्मा, अब्बास प्रधान, बल्ला मजरा, मुबाशिर खान, राजेंद्र सिंह, मोनू चिकारा आदि मौजूद रहे।