शामली। मोहल्ला पंसारियान में बारिश में घर की कच्ची छत गिरने से महिला और तीन बच्चों की मौत के मामले में रालोद के प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिजनों से मिला और उनका दुख साझा किया।
शुक्रवार को रालोद का प्रतिनिधि मंडल ने जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह के नेतृत्व में मोहल्ला पंसारीयान में पीड़ित परिजनों से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त की। शाहिद ने उन्हें बताया कि वह सरकारी सहायता से मकान के निर्माण के लिए प्रार्थनापत्र दे चुका था, लेकिन उस पर कोई विचार नहीं किया गया। यदि प्रशासन समय पर उस प्रार्थना पत्र पर विचार कर कार्रवाई करता तो शायद आज उसका परिवार उसके साथ होता। जिलाध्यक्ष ने कहा कि दुख की इस घड़ी में रालोद परिवार उनके साथ है।
जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने डीएम जसजीत कौर को ज्ञापन भेजकर मांग की है कि शाहिद की मकान का पुनर्निर्माण और पीड़ित परिवार की सहायता के लिए उचित मुआवजा दिया जाए। बरसात का मौसम शुरू होने से पहले ही सरकारी सहायता से ऐसे गरीब व्यक्तियों के मकानों का निर्माण सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की हृदय विदारक घटना न हो। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महासचिव अनवार चौधरी, आशुतोष पंवार, डॉ. मुबारक अली, पप्पू , बाबूराम पंवार, उमरदीन, सर्वेश आदि शामिल रहे।