- 2020 के दिल्ली दंगों के पांच आरोपियों के जमानत पर छूटने पर सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी शेयर
- पुलिस मामले की जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
कैराना। 2020 के दिल्ली दंगों के पांच आरोपियों की सुप्रीम कोर्ट द्वारा जमानत मिलने पर एसडीपीआई वुमन विंग इंडिया की यूपी अध्यक्षा पावटी कलां निवासी मोहसिना द्वारा फेसबुक आईडी से पोस्ट करने पर पुलिस ने मोहसिना के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली प्रभारी समय पाल अत्री ने बताया कि पुलिस टीम भूरा क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पावटी कलां में विश्व हिंदू रक्षा संगठन व हिन्दू समाज के अन्य लोग इकट्ठा हो रहे थे। जानकारी करने पर पता चला कि एसडीपीआई वुमन विंग इंडिया की यूपी अध्यक्षा मोहसिना द्वारा फेसबुक आईडी से पोस्ट की, जिसमें 2020 में दिल्ली दंगों के पांच आरोपियों गुलफिशा, फातमा, हैदर, शिफा व उर रहमान को सुप्रीम कोर्ट द्वारा पांच जनवरी को जमानत पर रिहा करने पर लिखा कि यह साहस, प्रतिरोध व अटूट बलिदान का प्रतीक है। साबित कर दिया कि भारत की महिलाएं मजबूत प्रतिरोध व अटूट हैं। पोस्ट के कारण हिंदू समाज में रोष होने पर मोहसिना के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया। मामले की जांच शुरू कर दी है।